पहले बेटी की पीट-पीटकर हत्या, फिर शव पर बनाया सांप काटने का निशान; प्यार के दुश्मन बने भाई-बाप
उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. प्यार करने की कीमत एक 19 वर्षीय बेटी को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी. पिता और भाई ने मिलकर उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी. वारदात को छिपाने के लिए उन्होंने सांप काटने का झूठा निशान बनाया और शव का अंतिम संस्कार कर दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के हरदोई में ऑनर किलिंग की एक खौफनाक वारदात हुई है. इसमें एक पिता-पुत्र ने मिलकर पहले अपनी बेटी की पीट-पीटकर हत्या की. फिर पुलिस को गुमराह करने के लिए उसके पैरों पर सांप काटने के निशान बना दिए. यही नहीं, आरोपियों ने चुपके से शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया. इस लड़की की गलती इतनी भर थी कि वह किसी युवक से प्यार करती थी और घर में किसी को बताए बिना चुपके से उस युवक से मिलने चली गई थी.
हालांकि जानकारी मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने मामले की जांच करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामला संडीला थाना क्षेत्र के ग्राम समदखेड़ा का है. पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाले रामदयाल की 19 वर्षीय बेटी शुभी 3-4 जून की रात करीब 12 बजे चुपके से घर से निकल गई और सुबह करीब 4 बजे वह खुद ही वापस भी लौट आई थी. इसकी जानकारी होने पर पिता रामदयाल, भाई मुनेश व सुरेश और बहू माधुरी ने मिलकर शुभी के साथ मारपीट की. इस दौरान शुभी की मौत हो गई थी.
सूई से बनाया सांप काटने का निशान
बेटी की हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात पर पर्दा डालने की खूब कोशिश की. इसके लिए पहले बेटी के शव पर सुई से दो निशान बनाए, ताकि लोगों को लगे कि सांप ने काटा है. फिर अंतिम संस्कार के नाम पर शव को जला भी दिया. इस संबंध में लड़की की मां मिथिलेशा ने पुलिस में शिकायत दी. इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. वहीं वारदात का खुलासा होने पर पुलिस ने सभी आरोपियों को अरेस्ट कर जेल भेज दिया.
वारदात के समय नशे में थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक लड़की के घर से निकलते ही घर वालों को खबर हो गई थी. इसके बाद आरोपी पिता गुस्से में शराब पीने लगा. करीब तीन-चार घंटे तक सभी आरोपी घर के बाहर ही बैठकर लड़की का इंतजार किए, और जैसे ही वह वापस लौटी, आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसकी जान ले ली. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में पूरी वारदात कबूल ली है.
