40 मुकदमे, 4 राज्यों में आतंक…. एनकाउंटर में मारा गया कुख्यात बदमाश अमजद, 50 हजार का था इनाम

यूपी, दिल्ली, राजस्थान और उत्तराखंड पुलिस के लिए भी सिरदर्द बन चुका 50 हजार का इनामी बदमाश अमजद को मुजफ्फरनगर पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है. अमजद अंतरराज्यीय गिरोह का सक्रिय सदस्य था. उसपर अलग-अलग राज्यों में 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे.

एनकाउंटर में मारा गया कुख्यात बदमाश अमजद

मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक कुख्यात बदमाश को एनकाउंटर में मार गिराया है. अमजद नाम के इस बदमाश पर 50 हजार रुपये का इनाम था. उसके ऊपर 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे. यूपी, दिल्ली, उत्तराखंड पुलिस को भी उसकी तलाश थी. बदमाश के पास से एक कार्बाइन, पिस्टल बाइक और लूट का माल बरामद हुआ है.

दो पुलिसवाले भी घायल

मुठभेड़ के दौरान दरोगा संदीप और सिपाही इस्फाक गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एसपी देहात आदित्य बंसल की सरकारी गाड़ी में भी गोली लगने की सूचना है. बता दें पुलिस को सूचना मिली थी अमजद किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए शहर से गुजरने वाला है. ऐसे में उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने नाकेबंदी कर दी.

अमजद का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

नाकेबंदी के दौरान दो संदिग्ध बाइक सवार उधर से गुजर रहा था. पुलिस ने रुकने का इशारा किया. लेकिन बाइक सवारों ने उल्टे पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की.अमजद को कई गोलियां लगीं और वह वहीं ढेर हो गया. वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग खड़ा हुआ.

यूपी, दिल्ली, राजस्थान और उत्तराखंड के लिए सिरदर्द था अमजद

अमजद लंबे समय से यूपी, दिल्ली, राजस्थान और उत्तराखंड पुलिस के लिए भी सिरदर्द बना हुआ था. वह अंतरराज्यीय गिरोह का सक्रिय सदस्य था. फिलहाल, अमजद के फरार साथी की तलश के लिए पुलिस कॉम्बिंग ऑपेशनन चला रही है. पुलिस का कहना है कि जल्दी ही दूसरे बदमाश को भी पकड़ लिया जाएगा.

सहारनपुर में तीन अलग-अलग एनकाउंटर

बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है. बदमाशों के ताबड़तोड़ एनकाउंटर हो रहे हैं. इसी कड़ी सहारनपुर में बीती रात तीन अलग-अलग एनकाउंटर में 25-25 हजार के इनामी तीन बदमाश मुठभेड़ में घायल हो गए. फिलहाल, उन्हें हिरासत में लेकर पुलिस उनका जिला अस्पताल में इलाज करा रही है.