यूपी के इन जिलों में अगले 4 दिन होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने बता दी है तारीख

मौसम विभाग के मुताबिक 13 और 16 फरवरी को एक के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी रीजन को प्रभावित करेगा. इसका असर उत्तर प्रदेश में भी पड़ेगा. बारिश के साथ-साथ तापमान में भी उतार-चढ़ाव नजर आ सकता है. इस दौरान 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं.

यूपी में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह से बदल चुका है. तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है. दिन में अच्छी धूप खिल रही है. लेकिन सुबह-सुबह कई शहरों में कोहरा रिकॉर्ड किया गया. माना जा रहा है जिस तरह से मौसम में तब्दीली आई है, उसके हिसाब से अगले कुछ दिनों में प्रदेश को कोहरे से पूरी तरह निजात मिल सकता है.

मौसम विभाग के मुताबिक 13 और 16 फरवरी को एक के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी रीजन को प्रभावित करेगा. इसका असर उत्तर प्रदेश में भी पड़ेगा. उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी. बारिश के साथ-साथ तापमान में भी उतार-चढ़ाव नजर आ सकता है. इसके अलावा 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

27 जिलों में मध्यम से घने कोहरे की चेतावनी

आईएमडी की तरफ से 12 फरवरी को उत्तर प्रदेश के 27 जिलों में मध्यम से घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है. इनमें मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, अमेठी, बाराबंकी, मैनपुरी, बहराइच, बुलंदशहर, चंदौली, चित्रकूट, अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर, शामली, सीतापुर और झांसी समेत कई जिले शामिल हैं.

हल्की सी लापरवाही आपको बीमार कर सकती है

बता दें कि आने वाले दिनों के दौरान पारे में उतार-चढ़ाव ज्यादा दिख सकता है. यह मौसम लोगों के बीमार पड़ने के लिए सबसे अनुकूल साबित हो सकता है. ऐसे में अब भी गर्म कपड़े में कोताही बरतने का वक्त नहीं है. हल्की सी भी लापरवाही आप पर भारी पड़ सकती है.

तापमान में लगातार हो सकता है इजाफा

पिछले कई दिनों से तापमान में लगातार इजाफा देखा जा रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटे के दौरान अयोध्या सबसे ठंडा जिला रहा. यहां न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री रहा. फिर, मुजफ्फरनगर में 8.3, शाहजहांपुर में 8.4, गोरखपुर में 8.6 डिग्री रिकार्ड किया गया. वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो 29.4 डिग्री के साथ बांदा सबसे गर्म जिला रहा. फिर वाराणसी 29.1, झांसी 29, प्रयागराज 28.8 और आगरा में 28.4 डिग्री अधिकतम तापमान रहा.