देवरिया में आंबेडकर प्रतिमा विवाद में एक्शन, दरोगा समेत 3 सस्पेंड; गांव में 10 थानों की फोर्स तैनात
देवरिया में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा विवाद में प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है. एसपी ने लापरवाही को लेकर एक दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है. देवरिया में सरकारी जमीन पर प्रतिमा रखने और फिर उसे हटाने को लेकर हिंसक बवाल हुआ, जिसमें पुलिस पर पथराव भी किए गए.
देवरिया में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर विवाद अब और गहरा हो गया है. बिना प्रशासनिक अनुमति के सरकारी जमीन पर प्रतिमा स्थापित करने की कोशिश के बाद गांव में तनाव फैल गया. स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब कुछ लोगों ने मौके पर तैनात पुलिस बल पर पथराव कर दिया. इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.
पुलिस पर पथराव की घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बड़ी कार्रवाई की है. प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर एक दरोगा और दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. वहीं गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10 थानों की फोर्स तैनात किया गया है. वहीं, पथराव करने वाले लोगों पर मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
गौरी बाजार के पोखारभिंडा गांव का मामला
यह मामला गौरी बाजार थाना क्षेत्र के पोखारभिंडा गांव का है. कुछ लोग प्रशासन की अनुमति लिए बिना खलिहान की भूमि पर चबूतरा बनाकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी थी. इसकी सूचना मिलने पर प्रशासन हरकत में आया। मंगलवार को रुद्रपुर के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और क्षेत्राधिकारी (सीओ) मौके पर पहुंचे.
एसडीएम और सीओ ने लोगों को समझाकर प्रतिमा स्थापित करने से रोक दिया था. और गांव में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया. इसके बावजूद गुरुवार को अचानक हालात बिगड़ गए. पुलिस के मुताबिक, कुछ लोग उग्र हो गए और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया. इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और इलाके में तनाव फैल गया.
तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड, गांव में भारी फोर्स तैनात
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया और हालात पर काबू पाया. घटना की समीक्षा के बाद पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने ड्यूटी में लापरवाही मानते हुए उपनिरीक्षक अरविंद यादव, मुख्य आरक्षी रमेश यादव और स्थानीय आसूचना इकाई (एलआईयू) के आरक्षी नागेश्वर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.,
स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गांव में शांति स्थापित करने के लिए करीब 10 थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.
