यूपी पुलिस भर्ती का रिजल्ट घोषित, 76184 उम्मीदवार हुए सफल; 17 अगस्त से DV-PST

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिखित परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं. कुल 76,184 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है, जो अब अगली प्रक्रिया DV और PST में शामिल होंगे. परीक्षा में कुल 32,679 पदों के लिए 28,86,797 अभ्यर्थी शामिल हुए थे.

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का रिजल्ट घोषित

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने आरक्षी नागरिक पुलिस (सिपाही) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है. परीक्षा में कुल 76,184 अभ्यर्थियों सफल हुए हैं, जिन्हें अब अगली प्रक्रिया डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (अभिलेख सत्यापन) और शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) के लिए बुलाया जाएगा.

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड के अनुसार, कुल 32,679 पदों के लिए भर्ती निकाला गया था, जिसमें 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. इनमें 19,62,560 पुरुष और 9,24,237 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं. लिखित परीक्षा का आयोजन 8, 9 और 10 जून 2026 को प्रदेशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कुल छह पालियों में कराया गया था.

अब डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और PST की तैयारी करें

बोर्ड ने बताया कि परीक्षा परिणाम तैयार करने से पहले अभ्यर्थियों के प्राप्त अंकों का नॉर्मलाइजेशन (मानकीकरण) किया गया. इसके बाद न्यूनतम अर्हकारी अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों में मेरिट और आरक्षण के नियमों के आधार पर लगभग 2.33 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया गया है.

जिन अभ्यर्थियों के अंक कटऑफ के बराबर रहे, उन्हें भी चयन सूची में शामिल किया गया है. भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के तहत अभिलेख सत्यापन (DV) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) की शुरुआत 17 अगस्त 2026 से होगी. भर्ती बोर्ड जल्द ही अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा केंद्र, तिथि और समय से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम जारी करेगा.

केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें

बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना पर ही भरोसा करें. अभ्यर्थी अपना परिणाम रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं. अगली प्रक्रिया के लिए बोर्ड जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर केंद्र, तिथि और समय की विस्तृत जानकारी जारी करेगा

Follow Us