जिस बैंकेट हॉल में थे स्पीकर सतीश महाना, वहां अचानक अटक गई लिफ्ट, मचा हड़कंप

नोएडा के एक बैंक्वेट हॉल में यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कार्यक्रम के दौरान लिफ्ट खराब हो गई. अचानक झटके से अटकी लिफ्ट में करीब आधा दर्जन लोग 20 मिनट तक फंसे रहे, जिससे हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस ने पहुंचकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला.

यूपी विधानसभा अध्यक्ष के कार्यक्रम में लिफ्ट खराब, लोग फंसे

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना जिस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नोएडा पहुंचे थे, उसी बैंक्वेट हॉल में गुरुवार को अचानक लिफ्ट खराब होने से अफरा-तफरी मच गई. सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला बैंक्वेट हॉल में कार्यक्रम के दौरान एक लिफ्ट झटके के साथ बीच में ही अटक गई, जिसमें करीब आधा दर्जन लोग फंस गए.

इस घटना के बाद बैंक्वेट हॉल में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. कार्यक्रम में शामिल वरिष्ठ नेता भी चिंतित नजर आए. करीब 20 मिनट तक लोग लिफ्ट के अंदर ही बंद रहे. सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

सतीश महाना घटना के समय दूसरी लिफ्ट में थे

जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे. हालांकि, राहत की बात यह रही कि जिस लिफ्ट में खराबी आई, उसमें सतीश महाना मौजूद नहीं थे. पुलिस के अनुसार, वह दूसरी लिफ्ट का इस्तेमाल कर रहे थे और पूरी तरह सुरक्षित हैं. सतीश महाना की मौजूदगी को लेकर पुलिस अलर्ट रही.

थाना सेक्टर-49 प्रभारी ने बताया कि जैसे ही लिफ्ट में लोगों के फंसने की सूचना मिली, पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. बैंक्वेट हॉल के कर्मचारियों और तकनीकी टीम की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया. करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

घटना में किसी प्रकार की जनहानि या चोट नहीं हुई

पुलिस का कहना है कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या चोट नहीं हुई है. प्रारंभिक जांच में लिफ्ट में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है. संबंधित तकनीकी टीम से लिफ्ट की जांच कराई जा रही है, ताकि खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके, साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं को होने से रोका जा सके. पुलिस जांच जारी है.

Follow Us