‘नेता-नपाड़ी क्या होता है, समझा देंगे’, BJP विधायक का पुलिस को फटकार लगाते ऑडियो वायरल
देवरिया के बीजेपी विधायक शलभमणि त्रिपाठी का एक ऑडियो वायरल हुआ है. बीजेपी विधायक इसमें एक पुलिस अधिकारी को फोन पर कड़ी फटकार लगा रहे हैं. शलभमणि त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष की बात न मानने पर पुलिसकर्मी को 'नेता-नपाड़ी क्या होता है' समझाने की धमकी दे रहे हैं.
देवरिया सदर से बीजेपी के विधायक शलभ मणि त्रिपाठी का एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक पुलिस अधिकारी को कथित तौर पर कड़ी फटकार लगाते सुनाई दे रहे हैं. ऑडियो में विधायक पुलिस अधिकारी पर नाराज नजर आ रहे हैं. साथ ही फटकार लगाते कह रहे हैं कि ‘नेता-नपाड़ी क्या होता है, समझा दिया जाएगा.’
ऑडियो में शलभमणि त्रिपाठी कहते सुनाई दे रहे हैं कि, ‘अगर मंडल अध्यक्ष तुम्हें फोन कर रहा है तो समझा करो… नेता-नपाड़ी बोलोगे तो तुम्हें समझा देंगे कि नेता-नपाड़ी क्या होता है. मंडल अध्यक्ष ने फोन किया है तो तुम मौके पर जाते और जांच करते. जो जांच में आता वो बताते. क्या तुम्हें नेता-नपाड़ी बोलने का अधिकार मिला है?’
सोशल मीडिया पर यूजर्स कर रहे कमेंट्स
बीजेपी विधायक शलभ मणि त्रिपाठी का यह ऑडियो क्लिप कथित तौर पर 26 नवंबर 2025 का बताया जा रहा है. ऑडियो में शलभमणि त्रिपाठी आखिर में यह भी कहते हैं कि ‘अपने इंस्पेक्टर को समझा देना, ये सब फालतू की बातें मत किया करो. वरना नेता-नपाड़ी क्या होता है समझा दिया जाएगा.’
पिछले 24-48 घंटों में शलभ मणि त्रिपाठी का यह ऑडियो क्लिप X (ट्विटर), व्हाट्सएप और फेसबुक पर बड़े पैमाने पर शेयर किया जा रहा है. कई यूजर्स इसे ‘विधायक की दबंगई’ का सबूत बता रहे हैं, तो विपक्षी दलों ने इसे “सत्ता के नशे” में पुलिस पर दबाव बनाने का मामला करार दिया है.
मामला स्थानीय विवाद से जुड़ा हो सकता है
अभी तक विधायक शलभमणि त्रिपाठी की ओर से इस ऑडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. देवरिया पुलिस ने भी इस मामले में चुप्पी साध रखी है. सूत्रों का कहना है कि मामला स्थानीय विवाद से जुड़ा हो सकता है, जिसमें मंडल अध्यक्ष ने पुलिस से शिकायत की थी और पुलिस ने उसे गंभीरता से नहीं लिया, जिसके बाद विधायक ने फोन किया.
