DM बने टीचर! आए थे जांच करने, लेकिन पढ़ाने लगे सब्जेक्ट; मची अफरा-तफरी

देवरिया में डीएम मधुसूदन हुल्गी ने स्कूलों का निरीक्षण किया. इस दौरान चॉक लेकर स्वयं ब्लैकबोर्ड पर छात्रों को पढ़ाने लगे. उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई का स्तर परखा. डीएम ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए. साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

क्लासरूम में डीएम देवरिया Image Credit:

उत्तर प्रदेश के देवरिया में डीएम मधुसूदन हुल्गी एक अलग ही तस्वीर सामने आई है. इस तस्वीर में वह क्लासरूम में है और हाथों में चॉक लेकर ब्लैकबोर्ड पर छात्रों को सब्जेक्ट पढ़ा रहे हैं. यह तस्वीर देवरिया के विकासखंड तरकुलवा में प्राथमिक विद्यालय खुटहां पटखौली एवं तरकुलवा की है. डीएम मधुसूदन हुल्गी इन स्कूलों का निरीक्षण करने पहुंचे थे. खबर मिलते ही अन्य स्कूलों में भी अफरा-तफरी मच गई.

डीएम मधुसूदन हुल्गी ने निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं के साथ-साथ शिक्षण कार्य की गुणवत्ता का भी जायजा लिया. वे बच्चों के बीच एक निरीक्षणकर्ता के साथ-साथ टीचर की भूमिका में भी नजर आए. बच्चों के बीच चॉक लेकर ब्लैकबोर्ड पर पाठ पढ़ाया तथा विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके सीखने और समझने के स्तर की जानकारी ली. उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं एवं शिक्षण व्यवस्था को भी परखा.

बच्चों के जवाब से खुश हुए डीएम

बच्चों ने जिलाधिकारी द्वारा पूछे गए प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए. निरीक्षण के दौरान निपुण एवं संदर्शिका का अंकन उपलब्ध नहीं था. इसके अलावा शिक्षण कार्य भी अपेक्षित रूप से संचालित होता नहीं पाया गया. इसको लेकर डीएम ने नाराजगी प्रकट की और टीचर्स को कड़े निर्देश दिए. उन्होंने टीचर्स को समय से विद्यालय में उपस्थित होने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहली प्राथमिकता

डीएम ने परिसर में साफ-सफाई, पठन-पाठन की गुणवत्ता तथा बच्चों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की जांच की. कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है. शिक्षक बच्चों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को समझते हुए उनके सीखने के स्तर में निरंतर सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करें. उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा.

Follow Us