ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में युवती ने दी जान, बहन से विवाद पर 16वीं मंजिल से लगाई छलांग

ग्रेटर नोएडा की आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में एक युवती ने आत्महत्या कर ली. उसने 16वीं मंजिल से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. परिजनों के अनुसार, बहन से किसी बात को लेकर विवाद के बाद उसने यह कदम उठाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

बहन से विवाद के बाद युवती ने 16वीं मंजिल से लगाई छलांग

ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में रविवार को एक युवती ने आत्महत्या कर ली. उसने 16वीं मंजिल छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों ने अभी तक कोई शिकायत नहीं दी है.

जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान 19 वर्षीय तनिष्का पुत्री अरेंद्र सिंह तोमर के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वह अपनी बड़ी बहन के साथ सोसाइटी में रहती थी. परिजनों के अनुसार, बहन से किसी बात को लेकर विवाद के बाद उसने यह कदम उठाया. तनिष्का 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद आगे के एडमिशन की तैयारी कर रही थी.

तीन महीने पहले ही दोनों बहन यहां आई थी

पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया है कि करीब तीन महीने पहले दोनों बहन यहां रहने आई थी. घटना से पहले किसी बात को लेकर दोनों बहनों के बीच विवाद हुआ था. उसकी बड़ी बहन गरिमा नाइट शिफ्ट में काम करती है और आज दिन में घटना के समय घर में सो रही थी. इसी दौरान तनिष्का फ्लैट की बालकनी में गई और वहां से छलांग लगा दी.

बरेली के BDA कॉलोनी की रहने वाली थी मृतक

पुलिस के मुताबिक, मृतका तनिष्का तोमर मूल रूप से बरेली के BDA कॉलोनी की रहने वाली थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं. परिजनों की ओर से अब तक कोई शिकायत नहीं दी गई है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

ये भी पढ़े- यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, विधायक के एस्कॉर्ट गाड़ी को रॉन्ग साइड से ट्रक ने रौंदा; दरोगा की मौत



Follow Us