गया था मर्चेंट नेवी में नौकरी करने, बेनेजुएला में हो गई संदिग्ध मौत; फिर लाश से कैसे गायब हो गए ऑर्गन?
देवरिया के एक मर्चेंट नेवी नाविक राकेश चौहान की वेनेजुएला में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. परिजनों का आरोप है कि कंपनी ने गुमराह किया और दोबारा पोस्टमार्टम में पता चला कि शरीर से अंग गायब हैं. परिवार इसे हत्या और अंग चोरी का मामला बता रहा है. राकेश के पिता और पत्नी ने न्याय के लिए पीएम और जल परिवहन मंत्रालय से निष्पक्ष जांच की मांग की है.
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले युवक की बेनेजुएला में मौत हो गई है. यह युवक मर्चेंट नेवी में काम करता था और माल वाहक जहाज के साथ बेनेजुएला गया था. देवरिया में लगड़ा बाजार के टोला भगवानपुर निवासी युवक के पिता ने कंपनी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने लोकल पुलिस, डीएम, प्रधानमंत्री और जल परिवहन मंत्रालय में शिकायत देकर मामले की जांच कराने की मांग की है.
परिजनों के मुताबिक 33 वर्षीय राकेश चौहान नवंबर 2025 में बेनेजुएला मर्चेंन्ट नेवी में कमाने गये थे. जहां उनकी मौत हो गई. यह खबर परिवार वालों को कंपनी के ऑफिस से मिली. बताया गया कि डेड बॉडी 60 दिन के अंदर मिलेगी. इसके बाद राकेश के पिता और पत्नी कंपनी के मुंबई ऑफिस पहुंचे और बातचीत की. इसके बाद डेड बॉडी 4 जून की शाम 7 बजे तक देवरिया पहुंच गई. परिजनों के मुताबिक कंपनी वालों ने इस घटना को लेकर परिवार को लगातार गुमराह किया.
नहीं बताई मौत की सही वजह
आरोप है कि कंपनी वालों ने पहले फ़ोन पर बताया कि राकेश जहाज में गिर गए थे. चोट लगी थी और अगले दिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. परिवार ने मौत का कारण पूछा तो कहा कि उन्हें चक्कर आ गया था. ऐसी स्थिति में गिरने से काफी चोटें आई थीं. डेड बॉडी देवरिया पहुंचने पर पुलिस कि मौजूदगी मे डॉक्टरों की टीम ने मुआयना किया. इस दौरान पोस्टमार्टम से मना करते हुए कहा कि पहले ही पोस्टमार्टम हो चुका है. इसके बाद डीएम के आदेश पर दोबारा पोस्टमार्टम हुआ.
ऑर्गन चोरी का आरोप
पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों ने बताया कि शरीर के सारे अंग गायब है. जब पत्नी रंजना चौहान को ये जानकारी हुई तो उसने दूतावास, जल परिवहन मंत्रालय और कंपनी में मेल कर शिकायत दी. इसमें उन्होंने राकेश की हत्या का आरोप लगाते हुए ऑर्गन चोरी का आरोप लगाया. साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. बताया कि परिवार में राकेश चौहान सबसे बड़े थे और अकेले कमाने वाले थे. राकेश चौहान का 6 माह एक बेटा है. 2023 में उनकी शादी हुई थी.
पिता ने लगाया आरोप
राकेश के पिता राम देव चौहान ने कहा हमें धोखे में रखा गया. उन्हें बिना बताए डेड बॉडी का पोस्टमार्टम करा दिया गया. डीएम के आदेश के बाद दोबारा पीएम कराने पर पता चला कि शरीर के सारे अंग भी गायब हैं. यह सीधा-सीधा हत्या और अंगचोरी का मामला है. वहीं गांव के प्रधान घनश्याम सिंह ने बताया कि यह उनका बहुत ही करीबी परिवार है. उनका इकलौता बेटा कमाने वाला था. 8 महीने पहले कमाने के लिए वेनेजुएला गया, लेकिन कंपनी की साजिश का शिकार हो गया. यह मामला अंग तस्करी का है और वह परिवार की लड़ाई में उनके साथ है.