इटावा में शिक्षामित्र-रसोइया पर अश्लील हरकतों का आरोप, ग्रामीणों ने स्कूल में जड़ा ताला

इटावा के एक कंपोजिट विद्यालय में शिक्षामित्र और रसोइया पर अश्लील हरकतों का आरोप लगा है. इसको लेकर स्कूल परिसर में जमकर हंगामा हुआ. वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल के मेन गेट पर ताला जड़ दिया. इससे तीन घंटे तक शिक्षण कार्य बाधित रहा.

BEO और SDM ने ताला खुलवाया Image Credit:

इटावा में ऊसराहार थाना क्षेत्र के ताखा ब्लॉक स्थित कंपोजिट विद्यालय सोरो प्रथम में शिक्षामित्र और रसोइया पर अश्लील हरकतें करने का आरोप लगा है. ग्रामीणों ने इसको लेकर बुधवार को स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया. इससे करीब तीन घंटे तक शिक्षण कार्य बाधित रहा. अधिकारियों के जांच का आश्वासन देने के बाद ग्रामीणों ने ताला खोला.

ग्रामीणों का आरोप है कि 7 सितंबर को छुट्टी के बाद शिक्षामित्र और रसोइया दोबारा स्कूल पहुंचे थे. दोनों के कार्यालय में जाने के बाद ग्रामीणों को शक हुआ. आरोप है कि शिक्षामित्र ने रसोइया को एक कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगाने के बाद बाउंड्रीवाल फांदकर चला गया. करीब दो घंटे बाद लौटकर उसने कमरे का ताला खोला.

BEO और SDM के पहुंचने पर खोला ताला

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करीब एक माह पहले भी प्रधानाध्यापक से शिक्षामित्र और रसोइया की कथित हरकतों की शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसी घटना से नाराज ग्रामीणों ने अगले दिन स्कूल पहुंचकर जमकर बवाल काटा और मुख्य गेट पर ताला लगा दिया. उन्होंने दोनों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की.

हालांकि, प्रधानाध्यापक ने पूर्व में इस तरह की शिकायत मिलने से इनकार किया है. वहीं, स्कूल में ताला जड़ने की सूचना पर एसडीएम ताखा विजय प्रकाश मिश्रा और खंड शिक्षा अधिकारी अनुपम शुक्ला मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया. साथ ही जांच का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने ताला खोल दिया.

रसोइया को हटा दिया, अब शिक्षक पर कार्रवाई

BEO अनुपम शुक्ला ने बताया कि ग्रामीणों से वार्ता कर स्कूल खुलवा दिया गया है. लगाए गए आरोपों की गहनता से जांच की जाएगी और रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी जाएगी. SDM ताखा विजय प्रकाश मिश्रा ने भी जांच के बाद कार्रवाई किए जाने की बात कही है. हालांकि, इसके बाद भी नाराज ग्रामीणों ने अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजा.

अनुपम शुक्ला ने बताया कि दोनों के खिलाफ रिपोर्ट विभाग को भेज दी है. रसोइया को समिति ने हटा दिया है. शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई विभाग तय करेगा. वहीं, आरोपी शिक्षामित्र ने आरोपों को गलत बताया. उनका कहना है कि वह रसोइया के जरूरी कागजात लेने के लिए स्कूल गया था. BLO के तौर पर गलत वोट नहीं बनने देने पर आरोप लग रहे हैं.

Follow Us