क्या दबाव में हो रही थी शादी? सगाई के अगले ही दिन दूल्हे ने खुद को मार ली गोली, खेत में मिला शव
उत्तर प्रदेश के इटावा में सगाई के अगले ही दिन एक दूल्हे ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. ओमवीर नामक इस युवक का शव खेत में तमंचे के साथ मिला है. बताया जा रहा है कि ओमवीर इस शादी के खिलाफ था. आशंका है कि परिवार के लोग जबरन उसकी शादी करा रहे थे. फिलहाल पुलिस मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के इटावा में एक सनसनीखेज घटना हुई है यहां ऊसराहार थाना क्षेत्र के कुएता सरैया गांव के खेत में एक युवक का शव रविवार को खून से लथपथ हालत में मिला. इस युवक की एक दिन पहले ही बड़े धूमधाम से सगाई हुई थी. गांव वालों ने खेत में पड़े शव को देखकर शोर मचाया तो मौके पर परिजन भी पहुंचे. इतने में सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
शव की पहचान इस गांव के प्रधान अजब सिंह के भतीजे ओमवीर उर्फ ओम बाबू के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि 7 फरवरी की शाम को ही ओम की सगाई हुई थी. सगाई के बाद पूरा परिवार घर आया और खा-पीकर सो गया. अगली सुबह गांव वालों से सूचना मिली कि ओम का शव खेत में पड़ा है. इस खबर से ही ओम के घर में कोहराम मच गया. उधर, खबर मिलने से उसकी होने वाली दुल्हन के घर में भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
कहीं ये तो नहीं सुसाइड की वजह
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है. आशंका है कि जिस लड़की के साथ ओम की सगाई हुई, उसे वह पसंद नहीं करता था. कहा जा रहा है कि उसने अपने परिवार में इस शादी का विरोध करते हुए अपने पसंद से शादी की बात रखी थी, लेकिन किसी ने उसकी एक ना सुनी और इसी लड़की से सगाई करा दी. इसी बात से दुखी होकर उसने सुसाइड किया है. हालांकि पुलिस या परिजन इस संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं.
शव के पास मिला तमंचा
परिजनों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि ओम की सगाई के लिए शनिवार की रात गेस्ट हाउस में आयोजन किया गया था. इसमें दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे. बड़े धूमधाम से सगाई संपन्न हुई. इसके बाद दोनों परिवारों के लोग अपने अपने घर लौट गए. इधर सुबह होते ही ओम के सुसाइड की खबर मिलने से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पुलिस के मुताबिक ओम का शव गांव के बाहर घर से करीब 500 मीटर दूर तालाब के किनारे खेत में मिला है. शव के पास ही एक 315 बोर का तमंचा भी मिला है.
