बच्चों के मिड डे मिल में मिले कीड़े, वायरल वीडियो पर BSA का एक्शन; हेड टीचर सस्पेंड

उत्तर प्रदेश के इटावा में बच्चों के मिड डे मील में कीड़े मिलने का वीडियो वायरल होने पर बीएसए ने कड़ी कार्रवाई की है. जांच के बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय रतहरी के प्रधानाध्यापक अबरार अंसारी को निलंबित कर दिया गया. यह घटना सरकारी स्कूलों में भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाती है, जिस पर विभाग ने चेतावनी जारी की है.

मिड डे मिल के वायरल वीडियो पर एक्शन Image Credit:

उत्तर प्रदेश के इटावा में एक बार फिर बच्चों के मिड डे मिले में कीड़े तैरते मिले. इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद बीएसए ने मामले की जांच कराई और अब जांच रिपोर्ट के आधार पर स्कूल के हेड टीचर को सस्पेंड कर दिया है. मामला इटावा के ऊसराहार विकासखंड ताखा के उच्च प्राथमिक विद्यालय रतहरी सरावा का है. बीएसए के मुताबिक खंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अबरार अंसारी को निलंबित किया गया है.

वायरल वीडियो में मध्याह्न भोजन के लिए रखे गए आटे में कीड़े दिखाई दे रहे हैं.संबंधित वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया. इस संबंध में बीएसए और उपजिलाधिकारी ताखा विजय प्रकाश मिश्रा को शिकायत दी गई. आरोप लगाया कि बच्चों के लिए बनने वाले भोजन की गुणवत्ता में लापरवाही से उनका स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है. लोगों ने प्रधानाध्यापक और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी.

बीएसए ने कराई मामले की जांच

इस शिकायत पर बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी ताखा अनुपम शुक्ला को मामले की जांच के आदेश दिए थे. वहीं अब उनकी ही जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए राजेश कुमार ने उच्च प्राथमिक विद्यालय रतहरी के प्रधानाध्यापक अबरार अंसारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. उन्होंने बताया कि इस मामले में विभागीय जांच होगी और मामले में जिम्मेदारी तय होने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

लापरवाही पर एक्शन चेतावनी

इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी अनुपम शुक्ला ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को लापरवाही से बाज आने की हिदायत दी है. उन्होंने कहा कि बच्चों के भोजन से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि एमडीएम योजना के तहत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है. लापरवाही मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us