इटावा सफारी में उत्साह, शेरनियों आशी-जया का मनाया गया दूसरा जन्मदिन; विश्वा शेर भी हुआ स्वस्थ

इटावा सफारी पार्क में शेरनियों आशी और जया का दूसरा जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया. इसी खुशी के बीच बीमार चल रहे शेर विश्वा भी पूरी तरह स्वस्थ हो गया है. इससे सफारी पार्क में उत्साह का माहौल है. सफारी पार्क प्रशासन और कर्मचारियों ने केक काटकर खुशी जताई है.

शेरनियों आशी और जया का दूसरा जन्मदिन मनाया गया

इटावा सफारी पार्क में खास उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब शेरनी नीरजा और कान्हा की संतानों आशी और जया का दूसरा जन्मदिन मनाया गया. दोनों अर्ध वयस्क शेरनियों के जन्मदिन पर सफारी पार्क प्रशासन और कर्मचारियों ने केक काटकर खुशी जताई. इसी के बीच बीमार चल रहे शेर विश्वा ने भी स्वास्थ्य लाभ कर लिया है, जिससे खुशी दोगुनी हो गई.

साल 2024 में 31 मई और 1 जून को शेरनी नीरजा ने तीन शावकों को जन्म दिया था. जन्म के बाद नीरजा ने अपने शावकों की देखभाल नहीं की, जिसके चलते सफारी पार्क के कीपर अजय और आसिफ ने उनकी हैंड रियरिंग की जिम्मेदारी संभाली. हालांकि जन्म के 14वें दिन एक शावक की मृत्यु हो गई, जबकि बाकी आशी और जया को सफलतापूर्वक पाला गया.

आज अर्ध वयस्क हो चुकी है आशी और जया

दोनों शेरनियां आशी और जया आज दो साल पूरे करने बाद अर्ध वयस्क हो चुकी हैं और अपने एक भाई तथा दो बहनों के साथ ब्रीडिंग सेंटर में स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन बिता रही हैं. पार्क में वे लगातार उछल-कूद और खेलकूद करती नजर आती हैं. इस अवसर पर सफारी पार्क से एक और अच्छी खबर सामने आई कि बीमार चल रहे शेर विश्वा स्वस्थ हो गया है.

बब्बर शेर विश्वा 1 महीने से चल रहा था अस्वस्थ

जानकारी के मुताबकि, 10 अगस्त 2022 को जन्मा बब्बर शेर विश्वा पिछले लगभग एक महीने से अस्वस्थ चल रहा था. सफारी पार्क के पशु चिकित्सकों और कर्मचारियों की लगातार निगरानी एवं उपचार के बाद अब विश्वा पूरी तरह स्वस्थ हो गया है. उप निदेशक डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि विश्वा अब पहले की तरह पूरी तरह सक्रिय हो गया है.

इटावा सफारी पार्क में खुशियों का माहौल

डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि बब्बर शेर विश्वा अपना पूरा आहार ले रहा है, पर्याप्त मात्रा में पानी पी रहा है. उसके स्वास्थ्य में सुधार से सफारी पार्क प्रशासन और वन्यजीव प्रेमियों ने राहत की सांस ली है. आशी और जया के जन्मदिन के उत्सव और विश्वा के स्वस्थ होने की खबर ने इटावा सफारी पार्क में खुशियों का माहौल बना दिया है.

Follow Us