गैस की लाइन में 3 घंटे से खड़ा था बुजुर्ग, चक्कर खाकर गिरा तो हो गई मौत; अखिलेश ने सरकार को धिक्कारा
फर्रुखाबाद में गैस एजेंसी पर 3 घंटे लाइन में खड़े एक 75 वर्षीय बुजुर्ग को चक्कर आया और उनकी मौत हो गई. मौके पर मौजूद लोगों ने बुजुर्ग को बचाने की खूब कोशिशें की लेकिन विफल रहे. इस हृदयविदारक घटना पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं, जबकि अधिकारियों ने मृतक की पूर्व बीमारी का हवाला दिया. यह घटना सरकारी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है.
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां एक गैस एजेंसी पर गैस की लाइन में खड़े एक बुजुर्ग को अचानक चक्कर आ गया और जमीन पर गिर कर तड़पने लगे. वहां मौजूद लोगों ने आनन फानन में उन्हें सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआतो अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
घटना शुक्रवार दोपहर की है. बताया जा रहा है कि बुजुर्ग के घर में गैस खत्म हो गया था, इसकी वजह से सुबह खाना भी नहीं बना था. ऐसे में पहले से बीमार बुजुर्ग खुद उठाकर गैस की लाइन में जाकर खड़े हो गए. करीब तीन घंटे तक वह लाइन में खड़े रहे. इस दौरान अचानक उन्हें चक्कर आ गया और जमीन पर गिर कर तड़पने लगे. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ही उन्हें सीपीआर देने की कोशिश की और कोई फायदा नहीं हुआ तो वही लोग अस्पताल भी ले गए.
वायरल हो रहा वीडियो
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यह वीडियो बुजुर्ग के परिजना है. जिसमें वह बता रहे हैं कि मोहल्ला मनिहारी में रहने वाले 75 वर्षीय बुजुर्ग मुख्तार अंसारी लाल सराय में स्थित गैस एजेंसी पर गए थे. वह पर्ची कटाने के बाद एजेंसी के पीछे गोदाम के बाहर लाइन में खड़े थे. तभी यह घटना हो गई. इस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम एवं सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा है.
सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
सपा सुप्रीमो ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि गैस की लाइन में बुजुर्ग की हार्ट अटैक की घटना दुखद है. इसी के साथ उन्होंने बीजेपी पर हमला किया. लिखा कि भाजपाई सच को स्वीकार करें और सुनिश्चित करें कि किसी का घर ना उजड़े. उधर, जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि की है. कहा कि घटना की जानकारी उन्हें मिली है. उन्होंने बताया कि बुजुर्ग पहले से बीमार थे. इसी के साथ उन्होंने साफ किया कि जिले में गैस की कोई समस्या नहीं है.
