कुत्ता बना शादी टूटने की वजह, मंडप में खूब चले लाठी-डंडे और कुर्सियां, फूट गए कईयों के सिर
फतेहपुर में एक शादी इसलिए टूट गई कि दूल्हे पक्ष की तरफ से आए एक युवक ने दुल्हन पक्ष के घर के पालतू कुत्ते पर हाथ उठा दिया. इस मसले पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया.
फतेहपुर के खागा कस्बे के एक युवक की शादी प्रयागराज की युवती से तय थी. बारात पूरे ठाठ-बाट के साथ शादी के लिए बुक किए गए गेस्ट हाउस पहुंची. जयमाल हुई, हंसी-ठिठोली हुई, फोटोशूट हुआ और रात भर रस्मों का सिलसिला चलता रहा. लाइटें, म्यूजिक, मेहमान और मोबाइल कैमरे सब एक्टिव. लेकिन सुबह करीब चार बजे कुछ ऐसा हुआ कि शादी टूट गई.
कैसे शुरू हुआ विवाद
सुबह 4 बजे जेवर चढ़ाने की रस्म चल रही थी. तभी कुछ दूरी पर बंधा दुल्हन का पालतू कुत्ता भौंकने लगा. इस दौरान वर पक्ष के एक युवक ने आव देखा न ताव और कुत्ते पर हाथ उठा दिया. दुल्हन पक्ष ने इसका विरोध किया. बात तू-तू मैं-मैं से शुरू होकर लाठी-डंडे और कुर्सियों तक पहुंच गई.
अखाड़ा बन गया मंडप
शादी का मंडप कुछ ही मिनटों में अखाड़ा बन गया. कुर्सियां उड़ने लगीं. लोग भागने लगे. इसबीच कई लोगों के सिर फूट गए. वधू पक्ष से तीन लोग घायल हुए. वहीं, वर पक्ष के भी दो लोग चोटिल हो गए. हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची और मामला कोतवाली तक जा पहुंचा. घायलों का इलाज कराया गया.
दुल्हन ने शादी से कर दिया इनकार
सबकुछ निपटने के बाद जब पुलिस ने दुल्हन पक्ष से पूछा कि क्या वह शादी करना चाहती है तो उसने साफ-साफ ‘नहीं’ कह दिया. शायद दुल्हन के लिए यह सिर्फ कुत्ते की पिटाई नहीं, बल्कि संवेदनशीलता की परीक्षा थी, जिसमें दूल्हा पक्ष फेल हो गया. अगले दिन दोनों पक्षों के बीच लंबी पंचायत चली. लेन-देन, गिफ्ट और चढ़ावा सब वापस किया गया. शादी आधिकारिक रूप से टूट गई. किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी, इसलिए मामला समझौते के साथ खत्म हो गया.
(फतेहपुर से महेश सिंह की रिपोर्ट)
