BJP नेता का नाम, 25 लाख का ज़िक्र… DIOS के क्लर्क ने दी जान देने की कोशिश; चिट्ठी में क्या-क्या लिखा?

फतेहपुर में DIOS ऑफिस के एक क्लर्क ने नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास किया. 6 पेज के सुसाइड नोट में उसने बीजेपी नेता मुखलाल पाल पर पत्नी को नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये ठगने और उत्पीड़न का आरोप लगाया है. क्लर्क की हालत नाजुक है, पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह घटना नौकरी के झांसे में धोखाधड़ी और उसके गंभीर परिणामों को उजागर करती है.

डीआईओएस ऑफिस के कलर्क ने की जान देने की कोशिश Image Credit:

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में डीआईओएस ऑफिस के एक कलर्क ने ढेर सारी नींद की गोलियां खा ली. इससे दफ्तर में ही उसकी हालत बिगड़ गई. आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए भर्ती कर लिया है. डॉक्टरों के मुताबिक कलर्क की हालत अभी नाजुक है. नशीली दवाइयां खाने से पहले इस कलर्क ने 6 पन्ने का एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है.

इसी बीच कलर्क विनोद श्रीवास्तव का एक सुसाइड भी सामने आया है. 6 पेज के इस सुसाइड नोट में उन्होंने विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही एक बीजेपी नेता मुखलाल पाल पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है. इस सुसाइड नोट में बताया है कि उनकी पत्नी पूनम श्रीवास्तव को राज्य महिला आयोग या किसी अन्य विभाग में कोई पद दिलाने का झांसा देकर मुखलाल पाल ने 25 लाख रुपये लिए थे.

जांच में जुटी पुलिस

यह रकम लोन लेकर उन्होंने पांच किश्तों में दी थी. अब इसके ब्याज का दबाव बढ़ता जा रहा है. बताया कि अब तक ना तो पद मिला और ना ही पैसे ही लौटाए गए. इसकी वजह से सूदखोर उन्हें प्रताड़ित करने लगे हैं. इस चिट्ठी में विनोद ने अपने बेटे की संविदा नौकरी से निकाले जाने को भी जिक्र किया है. फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है.

दफ्तर में ही खा ली नशीली दवा

पुलिस के मुताबिक जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय में तैनात वरिष्ठ लिपिक विनोद श्रीवास्तव की तबियत बिगड़ने के पीछे नींद और बीपी की गोलियों का ओवर डोज निकलकर सामने आया है. फिलहाल उनका एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है. पुलिस के मुताबिक विनोद ने दफ्तर में ही एक साथ ढेर सारी गोलियां निगल लीं थीं. सूचना मिलते ही अस्पताल में एडीएम व डीआईओएस सहित कई अधिकारी पहुंचे और उनकी खोज खबर ली. मामला फतेहपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र का है.

बीजेपी नेता भी पहुंचे अस्पताल

घटना की जानकारी मिलने पर बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने विनोद की पत्नी से मुलाकात की. तथा अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया. कहा कि उन्हें साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया है. इसमें उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि वह विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं, इसलिए उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश रची जा रही है.

Follow Us