फतेहपुर में बड़ा हादसा, रिन्द नदी में नहाने गए 6 दोस्तों में से चार की मौत; गांव में पसरा मातम
फतेहपुर की रिन्द नदी में नहाने गए छह दोस्तों में से चार की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो को रेस्क्यू टीम और गांव वालों की मदद से सुरक्षित बचाया गया. यह दर्दनाक हादसा कुनुहा का डेरा के पास हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया. गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया. रिन्द नदी में नहाने गए छह दोस्तों में से चार की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो को रेस्क्यू टीम और गांव वालों की मदद से सुरक्षित बचाया गया. यह दर्दनाक हादसा कुनुहा का डेरा के पास हुआ. घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, ललौली थाना क्षेत्र के तपनी गांव के रहने वाले हसीबुद्दीन, शाहिद, अंश, शान, निजाम और मोनू नदी में नहाने पहुंचे थे. नहाते समय सभी युवक गहरे पानी की तरफ चले गए और डूबने लगे. युवकों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. लेकिन जब तक स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचते, चार लोगों की मौत हो गई.
दो को बचा लिया गया, इन चार युवकों की मौत
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने स्थानिय लोगों की मदद से निजाम और मोनू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. वहीं, रेस्क्यू टीम ने हसीबुद्दीन, शाहिद, अंश और शान को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
चार युवकों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया. गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. वहीं प्रशासन ने लोगों से नदी और तालाबों में सावधानी बरतने की अपील की है.
गहरे पानी में जाते समय सावधानी बरतने की अपील
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई थी. उन्होंने पुष्टि की कि मृतकों के परिवारों को घटना की सूचना दे दी गई है. मोके पर पुलिस बल जांच पड़ताल करने में जुटा हुआ है. घटना को लेकर कानूनी जांच जारी है और लोगों से नदी, तालाबों और गहरे पानी में जाते समय सावधानी बरतने की अपील की.
