‘दो ने पकड़ा, फिर विवेक ने रेता गला…’, श्रेया मर्डर केस में पुनीत के खुलासे से मचा हड़कंप

श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में सह-आरोपी पुनीत मिश्रा को वाराणसी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पुनीत ने पूछताछ में मुख्य आरोपी विवेक चौबे के साथ मिलकर श्रेया की हत्या की बात कबूली है. पुलिस टीमें अब फरार विवेक चौबे की तलाश में जुटी हैं, जिसका सुराग झारखंड में मिला है.

श्रेया उपाध्याय मर्डर: पुनीत मिश्रा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

वाराणसी में एमएससी की छात्रा श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मुख्य आरोपी विवेक चौबे के दोस्त और हत्या में सह आरोपी बताए जा रहे पुनीत मिश्रा को राजातालाब पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है.

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुनीत मिश्रा बाइक से कहीं जाने की फिराक में है. इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी घेराबंदी की. पुलिस का दावा है कि रोकने पर पुनीत ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया. पुनीत के पास से 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है.

श्रेया को दो ने जकड़ा, विवेक ने रेता गला

पुलिस पूछताछ में आरोपी पुनीत मिश्रा ने बताया कि ‘विवेक चौबे ने मुझे और एक दूसरे शख्स को श्रेया के मर्डर में शामिल होने के लिए लाखों रूपये देने का वादा किया था. मैंने और दूसरे साथी ने श्रेया को जकड़े रखा था जबकि विवेक ने धारदार चाकू से उसका गला रेता था’. पुनीत ने बताया कि फिलहाल विवेक चौबे कहां है, इसकी उसे जानकारी नहीं है.

पुलिस की कई टीमें मुख्य आरोपी विवेक चौबे की धर पकड़ के लिए लगी है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक मुख्य हत्यारोपित विवेक का सुराग पुलिस को झारखंड में मिला है. ऐसी जानकारी मिल रही है कि वारदात को अंजाम देने के बाद वो सोनभद्र होते हुए झारखंड निकल गया था. हालांकि उसका मोबाइल वारदात के बाद से ही बंद है.

18 अगस्त को लापता, 2 दिन बाद मिला था शव

पुलिस अब विवेक के मोबाइल से घटना से पहले संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाकर उसकी लोकेशन तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. अब पुनीत की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को हत्याकांड की पूरी कड़ी जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है. पुलिस मुख्य आरोपी विवेक चौबे और हत्या में शामिल बताए जा रहे तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है.

दरअसल, छात्रा श्रेया उपाध्याय 18 अगस्त को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इसके बाद 20 अगस्त को उसका शव घर से करीब 20 किलोमीटर दूर बछांव स्थित एक किराए के मकान से बरामद हुआ था. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी.

Follow Us