फतेहपुर पुलिस महकमे में हड़कंप, SP ने पूरी SOG और इंटेलिजेंस टीम को किया लाइन हाजिर
फतेहपुर में एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बड़ा पुलिसिया एक्शन लिया है. अपराध नियंत्रण में विफलता और प्रभावी इनपुट न देने के कारण जिले की पूरी SOG और इंटेलिजेंस टीम को लाइन हाजिर कर दिया गया है. इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. इस फैसले की चर्चा अब पूरे प्रदेश में हो रही है.
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बड़ा और सख्त प्रशासनिक कदम उठाते हुए जिले की पूरी एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) और इंटेलिजेंस यूनिट को लाइन हाजिर कर दिया है. एक ही आदेश में 15 पुलिसकर्मियों पर की गई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. इस फैसले की चर्चा अब पूरे प्रदेश में हो रही है.
एसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, SOG और इंटेलिजेंस विंग में तैनात निरीक्षक, उपनिरीक्षक और आरक्षी स्तर के कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यस्थल से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है. इसमें कहा गया कि संबंधित टीम की ओर से कोई प्रभावी इनपुट नहीं दिया जा रहा था, जिससे अपराध नियंत्रण और खुफिया तंत्र प्रभावित हो रहा था.
आने वाले दिनों में नई टीम गठित होने का अनुमान
बताया जा रहा है कि जिले में हाल के दिनों में कई आपराधिक घटनाएं सामने आई थीं, लेकिन SOG और इंटेलिजेंस यूनिट की ओर से पुलिस को कोई महत्वपूर्ण सूचना या सफलता नहीं मिल पा रही थी. विभागीय समीक्षा के दौरान टीम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए, जिसके बाद एसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए पूरी टीम को लाइन हाजिर करने का निर्णय लिया.
इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी सहित कई उपनिरीक्षक और आरक्षी शामिल हैं. आदेश जारी होते ही सभी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन में आमद कराने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में नई टीम गठित की जा सकती है, जिससे अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई और बेहतर खुफिया इनपुट हासिल किए जा सकें.
पुलिस विभाग में लापरवाही बर्दाश्त नहीं- SP अभिमन्यु
फतेहपुर पुलिस कप्तान अभिमन्यु मांगलिक का कहना है कि पुलिस विभाग में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि जो अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. एक साथ हुई यह बड़ी कार्रवाई प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है.