फतेहपुर: स्कूल में प्रदर्शन के बाद हाईस्कूल की छात्रा लापता, दो दिन बाद भी घर नहीं लौटी

फतेहपुर के किशनपुर थाना क्षेत्र स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों के प्रदर्शन के एक दिन बाद हाईस्कूल की छात्रा पारुल यादव के लापता होने का मामला सामने आया है. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. छात्रा मंगलवार को कॉलेज में हुए प्रदर्शन के बाद से घर नहीं पहुंची. पुलिस कॉलेज और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिनमें छात्रा कुछ स्थानों पर दिखाई दी है.

मंगलवार से ही छात्रा लापता Image Credit:

फतेहपुर जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों के प्रदर्शन के एक दिन बाद हाईस्कूल की एक छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है. छात्रा के अचानक लापता होने से परिजनों में चिंता का माहौल है. परिजनों की तहरीर पर किशनपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस छात्रा की तलाश में संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है.

जानकारी के अनुसार, सर्वोदय इंटर कॉलेज की हाईस्कूल की छात्रा पारुल यादव मंगलवार को कॉलेज में हुए प्रदर्शन के बाद से लापता है. छात्रा के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस से शिकायत की. परिजनों की तहरीर के आधार पर किशनपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

कॉलेज में छात्रों ने किया था प्रदर्शन

मंगलवार को सर्वोदय इंटर कॉलेज में करीब एक हजार छात्र-छात्राओं ने पानी, बिजली, फर्नीचर, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था. कई घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ. इसी प्रदर्शन के बाद छात्रा के लापता होने की घटना सामने आने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस जांच के दौरान कॉलेज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. प्रारंभिक जांच में छात्रा कुछ सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दी है. इसके आधार पर पुलिस उसकी गतिविधियों का क्रमवार पता लगाने की कोशिश कर रही है. साथ ही संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है और छात्रा के परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है.

हर पहलू से हो रही जांच

किशनपुर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. फिलहाल छात्रा की बरामदगी पुलिस की पहली प्राथमिकता है. इसके लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है. अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, पुलिस टीम छात्रा की तलाश में जुटी है, सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है.

Follow Us