शादी में उड़ते ड्रोन पर बाराती ने चलाई गोली, निशाना चूका और पसरा मातम!
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. वहीं चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह घटना गाजीपुर थाना क्षेत्र के लम्हैटा गांव में हुई. नशे में धुत आरोपी ने ड्रोन को निशाना बनाते हुए गोली चलाई, जिससे यह हादसा हुआ. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है. वहीं गोली लगने से चार अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं. आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर तो बताया, लेकिन हालात को देखते हुए विशेष निगरानी में रखा है. मामला रविवार की देर रात करीब 12:30 बजे फतेहपुर के गाजीपुर थाना क्षेत्र में लम्हैटा गांव की है.
पुलिस के मुताबिक रविवार की देर रात पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना आई थी. इसमें बताया गया था कि लम्हैटा गांव में आई बारात में हर्ष फायरिंग में मौत हुई है. इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की. इस दौरान पुलिस ने पांच लोगों को अस्पताल पहुंचाया, जिनमें से एक व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं चार अन्य को उनकी हालत को देखते हुए उपचार के लिए भर्ती कर लिया है. इन सभी लोगों को गोली लगी है.
मौके पर पहुंचे एसपी-कोतवाल
पुलिस के मुताबिक इस घटना में धीरज केवट (करीब 50 वर्ष) की मौत हुई है. वहीं बाकी चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है. सूचना मिलने पर मौके पर फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम की मदद से वारदात के सबूत जुटाए. पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है.
ऐसे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक शादी की रस्में हो रही थीं. दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे. इसी दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए उड़ता हुआ ड्रोन आरोपी सुमित तिवारी उर्फ पप्पू तिवारी (45 वर्ष) के ऊपर आ गया. देखते ही सुमित ने अपने लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक से फायर कर दिया. चूंकि उस समय वह नशे में था, इसलिए निशाना चूक गया और एक ही गोली की चपेट में आकर पांच लोग जख्मी हो गए. इनमें से एक धीरज केवट की मौत हो गई है. मृतक धीरज मूल रूप से बांदा में मरका थाना क्षेत्र के औगासी गांव का रहने वाला था.