PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी करने वाले सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की मुश्किलें बढ़ीं, FIR दर्ज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी करने वाले सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ FIR दर्ज हो गया है. उनपर भारतीय न्याय संहिता बीएस की धारा 132 189(2) 352 196(1) के तहत केस दर्ज हुआ है. फिलहाल, सासंद के इस बयान से महोबा और हमीरपुर क्षेत्र से लेकर लखनऊ तक राजनीतिक घमासान तेज हो गया है.
महोबा से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की मुश्किलें बढ़ गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित तौर पर विवादित और अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में उनपर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सत्येंद्र प्रताप गुप्ता की शिकायत के बाद उनपर भारतीय न्याय संहिता बीएस की धारा 132 189(2) 352 196(1) के तहत केस दर्ज हुआ है.
प्रदर्शन के दौरान अभद्र टिप्पणी करने का आरोप
सासंद अजेंद्र सिंह लोधी ने यह टिप्पणी उस समय की जब वह पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ स्मार्ट मीटर और महंगाई जैसे मुद्दों पर राज्यपाल को संबोधित 11 सूत्री ज्ञापन सौंपने के लिए लिए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे छेय इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री की खर्चों में कटौती संबंधी अपील पर सवाल उठाते हुए उनकी विदेश यात्राओं पर टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं.साथ ही वह वीडियो पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करते नजर आए.
सीएम योगी ने कथित टिप्पणी को “अक्षम्य” बताया
भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा था कि ‘मुकदमा लिखाना है तो लिखाओ, हम डरने वाले नहीं हैं.’ वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए उनकी कथित टिप्पणी को “अक्षम्य” बताया था.
सीएम योगी ने X पर ट्वीट में लिखा कि ‘विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय जननेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रति एक सांसद द्वारा की गई असंसदीय टिप्पणी न केवल अशोभनीय और अक्षम्य है, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी गंभीर आघात है.यह कृत्य राजनीतिक कुसंस्कार, वैचारिक दिवालियापन और सार्वजनिक जीवन की शालीनता के प्रति अनादर को प्रकट करता है.यह 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश, विश्वास और भारत की लोकतांत्रिक गरिमा का भी अपमान है. देश की जनता ऐसे अमर्यादित आचरण का उत्तर समय आने पर अवश्य देगी.
महोबा से लेकर लखनऊ तक राजनीतिक घमासान तेज
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सत्येंद्र प्रताप गुप्ता ने अपनी शिकायत में कहा कि सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की. इससे लोगों की भावनाएं आहत हुईं और सार्वजनिक माहौल खराब हुआ. फिलहाल, सासंद के इस बयान से महोबा और हमीरपुर क्षेत्र से लेकर लखनऊ तक राजनीतिक घमासान तेज हो गया है. बीजेपी अजेंद्र सिंह के टिप्पणी को लोकतंत्र और संवैधानिक पदों का अपमान बता रही है.
