मेमो ट्रेन के उद्घाटन में भयंकर बवाल, भिड़ गए मंत्री AK शर्मा और सपा सांसद राजीव राय, समर्थकों के बीच भी जोरदार झड़प
दोहरीघाट नई मेमो ट्रेन के शुभारंभ समारोह में जमकर बवाल मचा. ट्रेन के संचालन का श्रेय लेने की होड़ में मंत्री अरविंद कुमार शर्मा और सपा सांसद राजीव राय भिड़ गए. दोनों ने एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाएं. इस दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं की भी एक दूसरे से झड़प हो गई.
दोहरीघाट नई मेमो ट्रेन के शुभारंभ समारोह के दौरान सोमवार शाम दोहरीघाट रेलवे स्टेशन पर राजनीतिक वर्चस्व की तीखी जंग देखने को मिली. कैबिनेट मंत्री एके शर्मा और घोसी सांसद राजीव राय के समर्थकों के बीच नोंकझोंक, नारेबाजी और धक्का-मुक्की हो गई. स्थिति इतनी बिगड़ी कि कुछ कार्यकर्ता मंच पर चढ़ गए, जिसके बाद प्रशासन को मोर्चा संभालना पड़ा.
शुभारंभ का श्रेय लेने को लेकर भिड़े दोनों नेता
कार्यक्रम में मंत्री अरविंद कुमार शर्मा पहले पहुंचे थे. कुछ देर बाद सांसद राजीव राय अपने समर्थकों के साथ पहुंचे. इसी दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं में ट्रेन के शुभारंभ का श्रेय लेने को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई. मंत्री एके शर्मा ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के गुंडों ने महिलाओं को कार्यक्रम स्थल पर आने से रोका. वहीं, सांसद राजीव राय ने पलटवार करते हुए कहा कि मंत्री के समर्थक ठेकेदार किस्म के लोगों ने उनकी एंट्री रोकने की कोशिश की.
झड़प के दौरान मंच पर चढ़ गए दोनों पार्टी के कार्यकर्ता
झड़प के दौरान कुछ कार्यकर्ता मंच पर भी चढ़ गए. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए घोसी के सीओ डॉक्टर जितेंद्र सिंह और मधुबन सीओ अंजनी कुमार पांडे ने तुरंत एक्शन लिया. दोनों अधिकारियों ने मंच पर चढ़े कार्यकर्ताओं को पकड़-पकड़कर नीचे उतारा. इस दौरान सीओ मधुबन अंजनी कुमार पांडे और सपा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख व घोसी विधानसभा उपचुनाव प्रत्याशी सुजीत सिंह के बीच तीखी झड़प हो गई.
सुजीत सिंह और सीओ अंजनी कुमार पांडे में तीखी झड़प
सीओ अंजनी कुमार पांडे ने सुजीत सिंह को खींचकर मंच से नीचे धकेल दिया, जिससे सपा कार्यकर्ता भड़क गए. कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी और कई कार्यकर्ताओं के कपड़े भी फट गए.हंगामे की सूचना मिलते ही तुरंत एडीएम सत्यप्रिय सिंह, एडिशनल एसपी अनूप कुमार और एसडीएम घोसी अशोक कुमार मौके पर पहुंचे. भारी पुलिस बल की तैनाती पहले से ही की गई थी. अधिकारियों की सख्ती और समझबूझ से कुछ मिनटों में तनावपूर्ण माहौल शांत हो गया और कार्यक्रम शांतिपूर्वक पूरा किया गया.
श्रेय की होड़ में हुआ सारा बवाल
ट्रेन के संचालन का श्रेय लेने की होड़ पिछले एक सप्ताह से दोनों नेताओं के बीच चल रही थी. मंत्री एके शर्मा ने दावा किया कि उनकी पहल पर केंद्रीय रेल मंत्री ने ट्रेन शुरू कराई, जबकि सांसद राजीव राय ने कहा कि उन्होंने संसद में कई बार मुद्दा उठाकर यह ट्रेन दिलाई. दोनों पक्ष सोशल मीडिया पर भी लगातार आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे थे.
