अचानक अनियंत्रित हुआ गैस टैंकर, घर के बाहर सो रहे परिवार को रौंदा; बाप-बेटे की गई जान

फिरोजाबाद में एक बेकाबू गैस टैंकर ने घर के बाहर सो रहे परिवार को रौंद दिया, जिससे पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई और बेटी गंभीर रूप से घायल है. यह दर्दनाक हादसा शिकोहाबाद के मोहम्मदपुर गांव में हुआ. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, मुआवजे और कड़ी कार्रवाई की मांग की.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक दर्दनाक घटना हुई है. यहां मैनपुरी रोड से गुजर रहा एक तेज रफ्तार गैस टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया. देखते ही देखते यह टैंकर सड़क से उतर गया और घर के बाहर सो रहे परिवार को रौंद डाला. इस हादसे में पिता पुत्र की मौत हो गई है, वहीं एक बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हुई है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह हादसा शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव का है.

हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां रहने वाले कासिम अली अपने बेटे तौसीफ और बेटी सिफा (सहरीन) के साथ घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे. इसी दौरान मैनपुरी रोड पर तेज रफ्तार में गैस टैंकर गुजरा और अचानक अनियंत्रित हो गया. देखते ही देखते यह टैंकर सड़क से नीचे उतर गया और कासिम की चारपाई पर चढ़ गया.

चीखने का भी नहीं मिला मौका

स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि कासिम अली और उनके बेटे तौसीफ को तो चीखने का भी मौका नहीं मिला और उनकी तत्काल मौत हो गई. वहीं कासिम की बेटी सिफा गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़ पड़े. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. इसके बाद लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया है.

ग्रामीणों ने लगाया जाम

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग पर जाम लगा दिया और पीड़ित परिवार को मुआवजा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. इस दौरान मौके पर सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई. सूचना मिलने पर पहुंचे एसडीएम शिकोहाबाद गजेंद्र पाल सिंह और पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बड़ी मुश्किल से समझा बुझाकर शांत कराया. काफी मशक्कत के बाद लोग सड़क से हटे और फिर थोड़ी देर में यातायात सामान्य हो सका.

Follow Us