हाईवे पर कोहराम: बारात की बस में कंटेनर और ट्रक ने मारी टक्कर, 50 बाराती घायल
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शुक्रवार की रात नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा हुआ. रांग साइड आई कार से बचने के प्रयास में बारात ले जा रही बस ने ब्रेक लगाया. इतने में पीछे से आए कंटेनर और ट्रक ने टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में पचास से अधिक बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत नाजुक है. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और जांच जारी है.
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शुक्रवार की रात नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा हुआ. रांग साइड आई कार को बचाने के लिए बारात लेकर जा रहे बस के ड्राइवर ने ब्रेक लगाया तो पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक और कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दिया. इस हादसे में सभी बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए है. घटना के बाद हाईवे पर चीखपुकार मच गई. यह हादसा फिरोजाबाद शिकोहाबाद के रामलीला मैदान के पास का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
पुलिस के मुताबिक फिरोजाबाद के मोहल्ला राजपूताना से सोयब पुत्र कफिल की बारात शुक्रवार को इटावा जा रही थी. बस में करीब 50 से अधिक बाराती सवार थे. जैसे ही बस शिकोहाबाद के रामलीला मैदान के पास ओवरब्रिज क्षेत्र में पहुंची, तभी अचानक सामने एक कार आ गई. कार से टक्कर बचाने के लिए बस ड्राइवर ने तेज ब्रेक लगाया, लेकिन इतने में पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी. इसके तुरंत बाद एक ट्रक ने भी पूरी तरफ्तार में टक्कर मार दिया.
कंटेनर ने तोड़ा डिवाइडर
यह हादसा इतना भयावह था कि पहले कंटेनर बस में पीछे से घुस गया, वहीं जब ट्रक ने टक्कर मारा तो पूरा कंटेनर उछलकर डिवाइर से टकराया और डिवाइटर तोड़ते हुए बीच में अटक गया. एक के बाद एक हुए तीन वाहनों के इस टकराव से बस में बैठे बाराती बुरी तरह चोटिल हो गए. दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं. हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. इससे हाईवे पर काफी देर तक जाम लग गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई है.
वाहन छोड़ कर भागे ड्राइवर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद बस, कंटेनर और ट्रक तीनों के ड्राइवर अपने वाहनों को छोड़कर मौके से फरार हो गए. टक्कर की आवाज सुनकर पहुंच आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से किनारे लगाया और घटनास्थल पर लगे जाम को खुलवाया. पुलिस फिलहाल तीनों ड्राइवरों की तलाश कर रही है.
