LKG छात्र की आंख में पेंसिल घोंपा, बड़े भाई की भी पिटाई… स्कूल के निदेशक समेत 4 पर FIR

फिरोजाबाद के मदर प्राइड इंटरनेशनल स्कूल में दो मासूम छात्रों के साथ मारपीट और गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है. एक 4 वर्षीय बच्चे की आंख पेंसिल से घायल हुई, जबकि उसके बड़े भाई को भी पीटा गया. पुलिस ने स्कूल निदेशक समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.

मासूम की आँख में पेंसिल, भाई की पिटाई - निदेशक समेत 4 पर FIR Image Credit:

फिरोजाबाद कोटला रोड स्थित मदर प्राइड इंटरनेशनल स्कूल एक बार फिर विवादों में घिर गया है. विद्यालय के खिलाफ दो मासूम छात्रों के साथ कथित मारपीट और गंभीर लापरवाही के आरोप सामने आए हैं. इसके बाद थाना उत्तर पुलिस ने मामले में स्कूल के निदेशक, मैनेजर और दो शिक्षिकाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

श्रीराम कॉलोनी निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका चार वर्षीय बेटा अनमोल एलकेजी का छात्र है. आरोप है कि 6 जुलाई को कक्षा के दौरान शिक्षिका काजल की लापरवाही से बच्चे की आंख में पेंसिल घुस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. बच्चे की आंख की हालत गंभीर होने पर 12 जुलाई को ऑपरेशन किया गया.

बड़े भाई की भी पिटाई, कान में गंभीर चोट आई

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान स्कूल के मैनेजर विश्वनाथ शर्मा ने भी बच्चे के साथ मारपीट की. घटना के बाद पहले बच्चे को स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया गया, लेकिन उसे फिर नई दिल्ली एम्स रेफर किया गया, जहां आंख का ऑपरेशन हुआ. परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है.

इसी बीच, परिजनों को जानकारी मिली कि उनके बड़े बेटे आर्यन, जो उसी स्कूल में पढ़ता है, उसके साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई. आरोप है कि शिक्षिका योगेंद्री द्वारा की गई पिटाई से उसके कान में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा.

CCTV भी डिलीट, निदेशक ने दी जान की धमकी

पीड़ित पिता का आरोप है कि उन्होंने घटनाओं की सच्चाई जानने के लिए विद्यालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन उन्हें बताया गया कि संबंधित फुटेज डिलीट हो चुकी है. शिकायत में यह भी कहा गया है कि विरोध दर्ज कराने पर विद्यालय के निदेशक ने अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी.

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उत्तर पुलिस ने स्कूल के निदेशक, मैनेजर विश्वनाथ शर्मा, शिक्षिकाओं काजल और योगेंद्री के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच के दौरान चिकित्सीय रिपोर्ट, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.,

Follow Us