शादी वाले दिन BF संग भागी दुल्हन, बाप की इज्जत बचाने को मंडप में आकर बैठ गई छोटी बहन; फिर जो हुआ…
फिरोजाबाद में शादी वाले दिन एक दुल्हन अपने प्रेमी संग फरार हो गई. इससे परिवार की इज्जत दांव पर लग गई. पिता की दुर्दशा देख दुल्हन की छोटी बहन ने मंडप में बैठने का साहसिक फैसला लिया और दूल्हे से शादी कर ली. इस घटना ने न केवल पिता की आन बचाई, बल्कि छोटी बेटी के त्याग और सूझबूझ की चारों ओर प्रशंसा हुई, जिससे परिवार को इस संकट से उबरने में मदद मिली.
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक लड़की की बारात आई थी. बाहर द्वारपूजा का कार्यक्रम चल रहा था, इसी बीच लड़की मौका देखकर अपने बॉयफ्रेंड के साथ फरार हो गई. यह खबर उसके घर वालों को मिली तो सबके पैरों तले जमीन खिसक गई. शादी वाले घर में स्यापा पसर गया. लड़की के बाप ने अचानक से बने इस हालात को देख माथा पकड़ लिया.
पिता की हालत देख दुल्हन की छोटी बहन ने तुरंत बड़ा फैसला लिया और पिता को बता दिया कि वह खुद बड़ी बहन की जगह मंडप में बैठेगी और इसी मंडप में इसी दूल्हे से शादी करेगी. दुल्हन की छोटी बहन का यह फैसला सुनकर हर कोई दंग रह गया और पिता की इज्जत का ख्याल रखने वाली इस बेटी की हर किसी ने सराहना की. वहीं यह सुनकर दुल्हन के पिता ने भी थोड़ी राहत की सांस ली है.
बारात आते भाग निकली दुल्हन
जानकारी के मुताबिक फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में रहने वाले कपड़ा व्यापारी ने अपनी बड़ी बेटी की शादी हाथरस में रहने वाले युवक के साथ तय की थी. इसके बाद घर में शादी की तैयारियां शुरू हो गईं. निर्धारित तिथि पर बारात भी व्यापारी के घर पहुंच गई. उन्होंने अपनी हैशियत से बढ़कर बारात का स्वागत किया और दूल्हे की द्वारपूजा कराई. इतने में किसी ने आकर बताया कि दुल्हन घर से लापता है. यह सुनकर व्यापारी के होश ही उड़ गए. वह भाग कर घर में गए और देखा तो पता चला कि उनकी बेटी शादी के लिए बने गहने और नगदी भी अपने साथ ले गई है.
ऐसे बची पिता की इज्जत
यह जानकर शादी वाले घर में हड़कंप मच गया. सभी रिश्तेदारों के होने के बावजूद इस परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. इतने में दुल्हन की छोटी बहन को अपने पिता की हालत देखी नहीं गई. वह खुद आगे आई और पिता को बोली कि बड़ी बेटी भाग गई तो उनकी छोटी बेटी है ना. उन्होंने अपने पिता से आग्रह किया कि उसे दुल्हन के रूप में मंडप में बैठाएं बाकी रस्मों को पूरा कराएं. छोटी बेटी की बात सुनकर पहले तो पिता हैरान रह गए, फिर बाकी घर वालों की सहमति से दोनों की शादी करा दी गई.
