मायावती को क्यों मिला लुटियंस में टाइप-8 बंगला? खुद ही बताई सच्चाई, कहा- गुमराह न करें
केंद्र सरकार ने दिल्ली के लुटयंस में बसपा प्रमुख मायावती को टाइप-8 बंगला अलॉट किया है. मायावती ने इसे स्वीकार भी कर लिया है. हालांकि, इसको लेकर आ रही तमाम तरह की खबरों पर उन्होंने ऐतराज जताया है. मायावती ने कहा कि इसे लेकर गलत और गुमराह करने वाली बातें प्रसारित की जा रही हैं.
साल 2027 में होने जा रहे यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बसपा प्रमुख मायावती एक्टिव हो चुकी है. मायावती आज यानी 18 फरवरी को मीडिया से मुखातिब हुईं. इस दौरान उन्होंने गठबंधन में चुनाव लड़ने की खबरों को मनगढ़ंत और झूठा करार दिया है. इसके अलावा हाल ही उन्हें केंद्र सरकार की तरफ से दिल्ली के लुटयंस में टाइप-8 बंगला अलॉट किया गया है. इसको लेकर आ रही तमाम तरह की खबरों पर भी बसपा सुप्रीमों ने ऐतराज जताया है.
‘गुमराह करने वाली बातें प्रसारित की जा रही हैं’
टाइप-8 बंगला अलॉट किए जाने पर मायावती ने कहा कि इसे लेकर गलत और गुमराह करने वाली बातें प्रसारित की जा रही हैं. केंद्र सरकार ने उनकी सुरक्षा के लिहाज से ये बंगला काफी वक्त बाद अलॉट किया है. इससे पहले भी वर्तमान सरकार ने उनको कई बंगले अलॉट किए थे. लेकिन सुरक्षा कारणों से उन उन्हें नहीं लिया. अगर किसी बंगले को लिया तो कुछ ही समय में छोड़ दिया. अब टाइप-8 का बंगला अलाट किया है तो उसे मैंने स्वीकार कर लिया.
‘जानबुझकर बसपा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश’
मायावती ने कहा कि इसे लेकर किस्म-किस्म की गलत बातें प्रसारित की जा रही हैं. जानबुझकर बसपा को नुकसान पहुंचाने वाली बातें फैलाई जा रही हैं. उन्होंने आगे कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा, विरोधी पार्टियों के साम-दाम-दंड-भेद के हथकंडे बढ़ते जाएंगी. बसपा को सत्ता से दूर रखने के षड्यंत्र होते रहेंगे. अबेंडकरवादियों को इससे सतर्क रहना है.
गेस्ट हाउस कांड के बाद से मुझे उच्च सुरक्षा हासिल-मायावती
मायावती ने इस दौरान 1995 को लखनऊ में स्टेट गेस्ट हाउस कांड का जिक्र भी किया. उन्होंने कहा कि सपा सरकार के चलते और उसके मुखिया के इशारे पर दो जून 1995 को लखनऊ में स्टेट गेस्ट हाउस में मेरे ऊपर हमला हुआ था. उसके अगले दिन बसपा के नेतृत्व में बनी पहली सरकार के बाद से ही मुझे विशेष और उच्च सुरक्षा भारत सरकार की तरफ से मिली हुई है.
‘खतरा कम होने के बजाय बढ़ा है’
मायावाती ने आगे कहा कि सुरक्षा खतरा कम होने के बजाय बढ़ जाने के कारण बीएसपी की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते फिर दिल्ली में पहले के दिए गए बंगले के बदले टाइप-8 का बंगला उन्हें दिया गया है. इसे मैंने स्वीकार कर लिया है. पहले भी मुझे टाइप-8 का बंगला मिलता रहा है.
गठबंधन में चुनाव लड़ने की अफवाह पर क्या बोलीं मायावती?
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मायावती ने कहा कि मीडिया जगत में अफवाह फैलाई जा रही है कि बसपा 2027 का विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ सकती है. यह लोगों को गुमराह करने वाला फेक न्यूज है. बिल्कुल गलत, झूठ, हवा हवाई और मनगढ़ंत खबर है. मीडिया को इस प्रकार कटी पतंग की तरह उड़ान भर कर अपना मजाक उड़ाने से बचना चाहिए.
‘बीजेपी, कांग्रेस और सपा बाबा विरोधी’
मायावती ने 2027 चुनाव में बसपा का किसी से गठबंधन ना करने और अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान को फिर से दोहराया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी, कांग्रेस और सपा की सोच संकीर्ण है. वे बाबा साहब विरोधी हैं. उनका हमने गठबंधन की इच्छा रखना केवल वोटों के लिए राजनीतिक स्वार्थ है. हम 2027 का चुनाव अपने दम पर अकेले लड़ेगे.
