फेज 1 में बनेंगे 4 स्टेशन, सेक्टर 61 में इंटरचेंज; ग्रेटर नोएडा तक ऐसे पहुंचेगी मेट्रो
नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सेक्टर 61 से ग्रेटर नोएडा के लिए जाने वाली मेट्रो रूट का संशोधित डीपीआर जारी किया है. जिसके तहत एक्वालाइन पर अब केवल 4 नए स्टेशन (सेक्टर 61, 70, 123, गौर चौक) बनेंगे. सेक्टर 61 में यह ब्लू लाइन से इंटरचेंज करेगा, वहीं गौर चौक पर आरआरटीएस का स्टेशन बनना प्रस्तावित है. इससे दिल्ली से आकर ग्रेटर नोएडा तक का सफर आसान हो जाएगा.
बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर 142 तक प्रस्तावित एक्वालाइन मेट्रो रूट की केंद्र सरकार से मंजूरी के अगले ही दिन नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने संशोधित डीपीआर जारी कर दिया है. इस कॉरिडोर में अब केवल 4 स्टेशन प्रस्तावित हैं. ये स्टेशन सेक्टर 61, 70, 123 और ग्रेटर नोएडा सेक्टर चार (गौर चौक) हैं. जबकि इससे पहले बने डीपीआर में 11 स्टेशन प्रस्तावित किए गए थे. गौर चौक पर ही RRTS यानी नमो भारत का भी स्टेशन प्रस्तावित है. वहीं सेक्टर 61 में यह रूट ब्लू लाइन मेट्रो से इंटरलिंक करेगा.
संशोधित डीपीआर के तहत अब इनिशियल अलाइनमेंट का काम भी शुरू कर दिया गया है. यह अलाइनमेंट 18 किमी लंबे ट्रैक के लिए हो रहा है. इसमें सेक्टर 61 में ब्लू लाइन से शुरू होकर नॉलेजपार्क-V तक किया जा रहा है. इसमें सेक्टर 70, 122, 123, ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4, इकोटेक 12, ग्रेटर नोएडा सेक्टर 2,3, 10 और 12 शामिल है. इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने साल 2024 में ही मंजूरी दे दी थी, लेकिन अभी शहरी विकास मंत्रालय की मंजूरी बाकी है.
पांच साल में पूरा होगा RRTS प्रोजेक्ट
इसी प्रकार गाजियाबाद से जेवर के बीच 22 स्टेशन वाले प्रस्तावित रैपिड रेल के प्रोजेक्ट पर भी अभी निर्णय होना बाकी है. इस कॉरिडोर में सिद्धार्थ विहार, चार मूर्ति, ग्रेटरनोएडा वेस्ट, नॉलेजपार्क-V, पुलिस लाइन सूरजपुर और अल्फा-1 स्टेशन और इसके आगे नोएडा एयरपोर्ट शामिल हैं. इस संबंध में NCRTC ने पहले ही डीपीआर दाखिल कर दिया है. इसमें दावा किया गया है कि यह प्रोजेक्ट 5 साल के अंदर पूरा हो जाएगा. पिछले साल शहरी विकास मंत्रालय ने इसके प्लान में यीडा और एनसीआरटीसी से संशोधन मांगा था. इसके जवाब में यीडा ने किसी संशोधन से मना कर दिया है.
इसलिए हुआ संशोधन
एनएमआरसी के जीएम प्रोजेक्ट प्रदीप यादव के मुताबिक चूंकि आरआरटीएस प्रोजेक्ट पहले ही ग्रेटर नोएडा वेस्ट से नॉलेज पार्क-V तक कवर कर रहा है. इसलिए संशोधित डीपीआर में सेक्टर 61 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट यानी गौर चौक तक के हिस्से को शामिल किया गया है. हालांकि अभी डिसाइड नहीं हुआ है कि आगे का प्रोजेक्ट एनएमआरसी करेगा या आरआरटीएस. लेकिन एक बार प्रोजेक्ट सेंक्शन होने के बाद आगे की राह आसान हो जाएगी.
