चीनी रोबोट दिखाने को लेकर गलगोटिया यूनिवर्सिटी पर सरकार का एक्शन, AI समिट से किया गया बाहर
गलगोटिया यूनिवर्सिटी पर इंडिया एआई समिट के दौरान चीनी रोबोडॉग दिखाने पर आरोप लगा. इसको लेकर यूनिवर्सिटी की खूब आलोचना हो रही है. सूत्रों के मुताबिक सरकार ने निवर्सिटी को तुरंत इंडिया AI समिट एक्स्पो स्थल छोड़ने को कह दिया है.
ग्रेटर नोएडा की गलगोटिया यूनिवर्सिटी पर इंडिया AI समिट के दौरान चीनी रोबोट दिखाने का आरोप लगा है. इस मामले पर अब गलगोटिया यूनिवर्सिटी की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है. सूत्रों के मुताबिक सरकार की तरफ से गलगोटिया यूनिवर्सिटी को तुरंत इंडिया AI समिट एक्स्पो स्थल को खाली करने का निर्देश दिया है.
गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने रोबोटिक डॉग किया था पेश
इंडिया एआई समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी की तरफ से एक रोबोटिक डॉग को ‘ओरियन’ नाम से पेश किया गया. जब विशेषज्ञों और सोशल मीडिया यूजर्स की नजर उस रोबोटिक डॉग पर नजर पड़ी तो उन्होंने उसकी प्रमाणिकता पर सवाल उठाए. यूजर्स ने दावा किया कि चीन निर्मित ‘Unitree Go2’ रोबोट है. यह एआई संचालित डिवाइस चीनी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर करीब 2 से 3 लाख रुपये की कीमत में मिलता है.
गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने दी सफाई
चीनी रोबोट दिखाने का आरोप लगने के बाद सोशल मीडिया पर गलगोटिया यूनिवर्सिटी की खूब आलोचना हो रही है. यूनिवर्सिटी की तरफ से इसपर सफाई पेश की गई है. यूनिवर्सिटी ने अधिकारिक बयान में कहा कि उसने इस रोबोडॉग को नहीं बनाया है. न ही ऐसा कोई दावा किया है. यह डिवाइस छात्रों के लिए लर्निंग टूल के तौर पर वैश्विक रोबोटिक्स कंपनी Unitree से खरीदा गया था.
टीवी-9 ने जब गलगोटिया यूनिवर्सिटी की प्रतिनिधि से रोबोटिक डॉग के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि हम यूनिवर्सिटी के अधिकारिक बयान पर कायम हैं. हमने कभी नहीं कहा कि हम इस रोबोटिक डॉग के निर्माता है. हमने इसे एजुकेशन पर्पज के के लिए परचेज किया था. हालांकि, एआई समिट खाली करने की बात पर उन्होंने कहा कि हमें अब तक ऐसी कोई जानकारी नहीं है.
वायरल वीडियो में खुद के इनोवेशन की बात
बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यूनिवर्सिटी की एक प्रतिनिधि रोबो डॉग का नाम ओरियन बताते हुए, इसके फीचर्स को समझाते हुए वायरल हुई थीं. उनकी बातों से ऐसा लग रहा था जैसे कि इसे गलगोटिया यूनिवर्सिटी के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ द्वारा विकसित किया गया है.
X कम्युनिटी नोट ने खोला पोल
वायरल वीडियो में यूनिवर्सिटी प्रतिनिधि की बातों को X कम्युनिटी नोट ने भ्रामक बताया. इसके बाद सोशल मीडिया पर गलगोटिया यूनिवर्सिटी पर भारत की साख खराब करने का आरोप लग रहा है. विरोधी पार्टियां इस मामले पर सरकार के खिलाफ बेहद हमलावर हैं.
राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एआई समिट को ‘अव्यवस्थित पीआर तमाशा’ करार दिया है. उन्होंने अपने X अकाउंट पर ट्वीट कर कहा कि भारत के पास डेटा और टैलेंट की कोई कमी नहीं है, लेकिन सरकार इसका सही उपयोग करने के बजाय इस आयोजन को मात्र एक दिखावा बना रही है. उन्होंने आगे कहा कि भारतीय डेटा को बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है. शिखर सम्मेलन में चीनी उत्पादों को भारतीय नवाचार के रूप में पेश किया जा रहा है.
