गाजियाबाद में 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, एक लाइन हाजिर; जनता से दुर्व्यवहार और लापरवाही पर एक्शन

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने अनुशासनहीनता और लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया है. जनता से दुर्व्यवहार और ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया, जबकि एक को लाइन हाजिर किया है. पुलिस आयुक्त ने साफ कहा है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में अनुशासनहीनता और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई देखने को मिली है. पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अलग-अलग मामलों में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है, जबकि एक के खिलाफ लाइन हाजिर की कार्रवाई की गई है. पुलिस आयुक्त ने साफ कहा है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

जानकारी के मुताबिक, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर दो उपनिरीक्षक और दो आरक्षी निलंबित किए गए हैं, जबकि एक उपनिरीक्षक को लाइन हाजिर किया गया है. ट्रांस हिंडन जोन में साहिबाबाद थाने के उपनिरीक्षक (SI) गौरव भदरेड़ा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है, उनपर जनता से दुर्व्यवहार और अभद्र भाषा के प्रयोग के आरोप थे.

इस थाना में 3 पर गिरी गाज, ये हुए लाइन हाजिर

इसके अलावा थाना नंदग्राम में तैनात एक दरोगा और दो सिपाहियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और लापरवाही के चलते निलंबित कर दिया गया. पुलिस आयुक्त के निर्देश पर थाना नंदग्राम के उपनिरीक्षक आकाश कुमार राय, मुख्य आरक्षी अरुण कुमार और आरक्षी सुनील कुमार को लापरवाही के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है.

वहीं, तीसरे मामले में अंकुर विहार थाना क्षेत्र में तैनात एक दरोगा के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है. थाना अंकुर विहार क्षेत्र की चौकी के कार्यवाहक प्रभारी, उपनिरीक्षक अवनीश कुमार को ड्यूटी में लापरवाही और स्वेच्छाचारिता के लिए लाइन हाजिर किया गया है. गाजियाबाद में पुलिसकर्मियों के खिलाफ इस कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है- पुलिस आयुक्त

पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ ने साफ कहा है कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और ऐसी कोई भी चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कमिश्नरेट गाजियाबाद ने जनता को भरोसा दिलाया है कि पुलिसिंग में सुधार और बेहतर कानून व्यवस्था के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. पुलिस बेहतर कानून व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्ध है.

Follow Us