रिश्ता टूटा तो हैवान बन गया मंगेतर, घर में घुसकर दो बहनों को मारी गोली; दोनों की हालत नाजुक

गाजियाबाद में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहां एक सनकी मंगेतर ने रिश्ता टूटने के बाद अपनी पूर्व मंगेतर और उसकी बहन को घर में घुसकर गोली मार दी. दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हैं और दिल्ली के अस्पताल में भर्ती हैं. आरोपी घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है. यह वारदात प्रेम प्रसंग में हुए विवाद का खूनी अंजाम है.

खोड़ा थाना, जिला गाजियाबाद Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक हैरतंगेज वारदात हुई है. यहां एक सनकी मंगेतर ने रिश्ता टूटने से खफा होकर लड़की और उसकी बहन को घर में घुसकर गोली मार दिया. इस वारदात में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गई हैं. आनन फानन में दोनों को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. इधर, वारदात के बाद से ही आरोपी फरार है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश तेज कर दी है.

वारदात गाजियाबाद में खोड़ा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर वाल्मीकि चौक की है. पुलिस के मुताबिक घायल युवती खुशी (20 वर्ष) और उसकी छोटी बहन निधि (18 वर्ष) मंगलवार को अपने घर में मौजूद थीं. शाम करीब 4:30 बजे पुराना बस अड्डा बारादरी, गाजियाबाद के रहने वाला जॉनी अचानक से उनके घर में घुस आया. उसके हाथों में हथियार देखकर दोनों बहन सहम गईं और अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया. ऐसे में आरोपी ने खिड़की का शीशा तोड़ दिया और रास्ते में रखे फ्रिज को हटाकर अंदर घुसने की कोशिश की.

असफल होने पर चलाई गोली

वहीं जब आरोपी अंदर नहीं घुस पाया तो बाहर से ही फायरिंग शुरू कर दी. इस फायरिंग में खुशी को चार गोलियां लगीं, जिनमें तीन गोलियां उसके पैर में और एक गोली पेट में लगी. वहीं निधि के चेहरे पर एक गोली लगी है. इससे दोनों बहने बुरी तरह जख्मी हो गईं. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. इसके बाद आनन फानन में परिजनों और पड़ोसियों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों की हालत नाजुक बताई है.

डेढ़ साल पहले तय हुआ था रिश्ता

पड़ोसियों के मुताबिक जॉनी और खुशी का रिश्ता करीब डेढ़ वर्ष पहले तय हुआ था. हालांकि बाद में आरोपी की हरकतें आपत्तिजनक देखकर चार महीने पहले खुशी के परिजनों ने रिश्ता तोड़ लिया. इससे आरोपी नाराज हो गया. उसने पहले कई बार धमकी दी. फिर मंगलवार की शाम देशी पिस्टल लेकर खुशी के घर पहुंच गया. पड़ोसियों के मुताबिक आरोपी करीब आधे घंटे तक गली में घूमता रहा. इसके बाद सीधे उसके घर में घुस गया.

Follow Us