चढावा चोरी से… 2027 के लिए जनता तैयार, बड़े मंगल के मंच से अखिलेश का BJP पर बड़ा हमला
अखिलेश यादव ने बड़े मंगल के मंच से भाजपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर सनातनियों की भावनाएं आहत होने का आरोप लगाया. सपा प्रमुख ने भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा, साथ ही 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सपा और जनता की तैयारी का दावा किया. उन्होंने लखनऊ की भंडारा परंपरा की भी सराहना की.
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने बड़े मंगल के मंच से एक बार फिर बीजेपी पर हमला बोला है. उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का हवाला देते हुए कहा कि इससे सनातनियों की भावनाएं आहत हुई हैं. भंडारा-प्रसाद वितरण कार्यक्रम में पहुंचे अखिलेश यादव ने एक ओर जहां लखनऊ की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं की सराहना की, वहीं दूसरी ओर अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए.
अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ सदियों पुरानी भंडारा परंपरा को आज भी जीवित रखे हुए है बड़े मंगल के भंडारों से समाज में मेल-मिलाप और आपसी जुड़ाव बढ़ता है. उन्होंने कहा कि ऐसी परंपरा पूरे देश में कहीं और देखने को नहीं मिलती. यह नवाबों के समय से चली आ रही विरासत है, जो आज भी कायम है. यही भारत की सांस्कृतिक खूबसूरती है. उन्होंने कहा कि पेट पूजा से बड़ी कोई पूजा नहीं होती.
सरकार की घेराबंदी
अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार और जांच एजेंसियों को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि इस घटना से सनातन समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है. सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को जांच के लिए भेजा गया है, उनकी जांच कौन करेगा. उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश में रोजगार के लिए आईआईटी बननी चाहिए थी, वहां एसआईटी बनाई जा रही है. डबल इंजन सरकार की डबल टंकी में कितना भ्रष्टाचार है, यह सब देख रहे हैं.
ओवैसी से गठबंधन पर बोले अखिलेश
असदुद्दीन ओवैसी के साथ संभावित गठबंधन के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और आगे भी उसी गठबंधन के साथ चुनाव लड़ेगी. 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को चुनौती देने में विपक्षी एकता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. फिर उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि कई ऐसी ताकतें सामने आएंगी जो भाजपा को फायदा पहुंचाने का प्रयास करेंगी, लेकिन केवल धन-दौलत या संसाधनों के बल पर भाजपा का मुकाबला नहीं किया जा सकता.
2027 के लिए तैयार है सपा
अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ही नहीं, बल्कि जनता भी पूरी तरह तैयार है. भाजपा सरकार समय पूर्व चुनाव कराने की संभावनाओं का आंकलन कर रही है और इसके लिए विधानसभा क्षेत्रों में सर्वे कराए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह अफवाह फैलाई जा रही है कि नवंबर में चुनाव हो सकते हैं. भाजपा सत्ता से इतना प्रेम करती है कि एक दिन पहले भी कुर्सी नहीं छोड़ना चाहेगी. पहले ये सर्वे कर रहे हैं, फिर उसी आधार पर चुनाव का फैसला करेंगे. किसानों को खाद और डीएपी की उपलब्धता को लेकर व्यापक नाराजगी बढ़ी, तो सरकार उस आक्रोश से बचने के लिए जल्दी चुनाव कराने का विकल्प चुन सकती है.
इन मुद्दों पर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने महंगाई, बेरोजगारी और केंद्र सरकार की विदेश नीति को भी निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि देश में रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं, महंगाई लगातार बढ़ रही है और विदेशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. जिन भारतीयों की विदेशों में मौत हुई है, उनके परिजन अब भी अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे हैं, जबकि सरकार विकास और विश्वगुरु बनने के दावे कर रही है.
