जेब में हुआ मोबाइल ब्लास्ट, जल गए युवक के दोनों हाथ और प्राइवेट पार्ट; एक महीने पहले खरीदा था फोन

गाजियाबाद के रेलवे स्टेशन पर एक युवक के जेब में रखे नए मोबाइल फोन में अचानक ब्लास्ट हो गया. इस हादसे में युवक के दोनों हाथ, प्राइवेट पार्ट और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए. घटना के बाद स्टेशन पर भगदड़ मच गई और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया. यह फोन एक महीना पहले ही खरीदा गया था, जिस पर अब कंपनी की गुणवत्ता और सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं.

हादसे में जख्मी हुआ युवक, और क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक युवक के जेब में रखा मोबाइल फोन अचानक गर्म होकर ब्लास्ट कर गया. युवक ने यह फोन करीब एक महीने पहले ही खरीदा था. इस हादसे में युवक बुरी तरह झुलस गया है. यह हादसा 8 अगस्त की शाम गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर हुआ. आनन फानन में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. युवक की पहचान ग्रेटर नोएडा के रहने वाले 26 वर्षीय मोहम्मद माजिद के रूप में हुई है.

पीड़ित के मुताबिक 8 अगस्त को वह गाजियाबाद आया था. शाम को वह घर जाने के लिए गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर खड़ा था. इसी दौरान उसकी जेब में रखा मोबाइल फोन अचानक गर्म हुआ और देखते ही देखते उसमें जोरदार ब्लास्ट हो गया. धमाका इतना तेज था कि आवाज काफी दूर तक सुनी गई. अचानक हुए इस धमाके से स्टेशन पर भगदड़ मच गई. इस हादसे में बुरी तरह जख्मी माजिद को आसपास के लोगों ने नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के मुताबिक हादसे में माजिद के दोनों हाथ, प्राइवेट पार्ट और शरीर के कई अन्य हिस्से झुलस गए हैं.

एक महीने पहले ही खरीदा था फोन

पीड़ित के मामा हारून ने बताया की नया मोबाइल खरीदे हुए महज एक महीना हुआ है. इस तरह ब्लास्ट होना सामान्य घटना नहीं है. उन्होंने मामले की जांच और मोबाइल की गुणवत्ता की जांच की मांग की है. घटना के बाद पीड़ित ने भी मोबाइल कंपनी और जिस शोरूम से मोबाइल खरीदा है, उसपर सवाल उठाया है.उसका कहना है कि हादसा और भी बड़ा हो सकता था और इसमें उसकी जान भी जा सकती थी.

हादसे ने बढ़ाई चिंता

इस घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. लोगों का कहना है कि इस तरह मोबाइल की बैटरी फटना कोई आम घटना नहीं है. इसके पीछे कोई ना कोई बड़ी समस्या जरूर है. पीड़ित का कहना है कि इस मामले में उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे. उधर, अभी तक मोबाइल कंपनी या पुलिस प्रशासन की ओर से इस घटना को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

Follow Us