गाजियाबाद: मायके से नहीं लौटी पत्नी तो बौखलाया पति, ससुर को मार डाला

गाजियाबाद में एक दामाद ने पारिवारिक विवाद में अपने ससुर की चाकू मारकर हत्या कर दी. वह पत्नी को मायके से लेने आया था, लेकिन उसने जाने से इनकार कर दिया. कहासुनी बढ़ने पर दामाद ने ससुर को पांच बार चाकू से गोद डाला. जिसके बाद इलाज के दौरान ससुर की मौत हो गई.

मोदीनगर में दामाद ने ससुर को चाकू से गोदकर मार डाला Image Credit:

गाजियाबाद के मोदीनगर में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. शराब के नशे में पत्नी को मायके से वापस ले जाने पहुंचे एक पति ने ससुर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी. हमले में बीच-बचाव करने आई पत्नी भी घायल हो गई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं.

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 60 वर्षीय अनार सिंह के रूप में हुई है, जो फफराना रोड स्थित अपने घर में परिवार के साथ रहते थे. गुरुवार रात आरोपी संदीप अपनी पत्नी मोनिका को लेने ससुराल पहुंचा. बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले उसने पत्नी को थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद मोनिका नाराज होकर अपने मायके आ गई थी.

कमर से चाकू निकाल ससुर पर किए 5 वार

परिजनों के मुताबिक, संदीप नशे की हालत में घर पहुंचा और पत्नी पर साथ चलने का दबाव बनाने लगा. मोनिका ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. शोर सुनकर उसके अनार सिंह मौके पर पहुंचे और दामाद को घर से जाने के लिए कहा. इतने में संदीप ने कमर से चाकू निकालकर ससुर पर हमला कर दिया.

आरोपी दामाद ने चाकू से एक के बाद एक पांच वार कर दिए. जब पत्नी अपने पिता को बचाने पहुंची तो आरोपी ने उसेधक्का देकर गिरा दिया और फिर फरार हो गया. इसके बाद चीख-पुकार मच गई, आवाज सुनकर घर वाले मौके पर पहुंचे और घायल अनार सिंह को अस्पताल पहुंचाया. जहां आज सुबह लगभग 8:00 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित

अनार सिंह मोदी फैक्ट्री से एक रिटायर्ड कर्मचारी थे. उनकी तीन बेटियां और एक बेटा दीपांशु है, जो बुलंदशहर में रहते हैं. दीपांशु ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन ने करीब 15 साल पहले संदीप से प्रेम विवाह किया था. पिछले एक वर्ष से दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था और आरोपी अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करता था.

ACP (कार्यवाहक), सुनील कुमार ने बताया कि गुरुवार की रात लगभग 11:00 बजे दीपांशु ने फोन पर सूचना दी कि उसके पिता को उसके जीजा ने चाकू मार दिए हैं. हमले में उसकी बहन भी चाकू लगने से घायल हो गई, जो इलाज के बाद अब खतरे से बाहर है. आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन कर दिया है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Follow Us