ऑपरेशन सिंदूर के बदले की तैयारी, टारगेट फिक्स, बस थी मौके की तलाश… भारत में बड़ा हमला करने वाला था सरदार
गाजियाबाद में पकड़े गए पाकिस्तानी आतंकी सरगना सरफराज उर्फ सरदार के स्लीपर सेल से बड़े खुलासे हुए हैं. 'ऑपरेशन सिंदूर' का बदला लेने के लिए वह दिल्ली-NCR में बड़े आतंकी हमले की फिराक में था. 21 सदस्यों की गिरफ्तारी और डिजिटल निगरानी से पता चला कि सरदार ने टारगेट फिक्स कर लिए थे और फंडिंग भी कर रहा था. सिरसा में भी 5 संदिग्ध पकड़े गए हैं, जिससे इस नेटवर्क का विस्तार सामने आया है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे गाजियाबाद में पकड़े गए पाकिस्तानी आतंकियों के स्लीपर सेल के रोज नए खुलासे हो रहे हैं. अब तक गाजियाबाद पुलिस इस स्लीपर सेल के 21 सदस्यों को अरेस्ट कर चुकी है. इनसे पूछताछ में पता चला है कि पाकिस्तान में बैठे आतंकी सरगना सरफराज उर्फ सरदार भारत, खासतौर पर दिल्ली एनसीआर में बड़े आतंकी हमले की तैयारी में था. इसके लिए उसने टारगेट भी फिक्स कर लिए थे. उसे बस उचित अवसर की तलाश थी.
इसके लिए सरदार ने अपने स्लीपर सेल को एक्टिवेट कर दिया था. इनके माध्यम से उसने अपने हर टारगेट की डिजीटल सर्विलांस से निगरानी कर रहा था. जगह जगह सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे. अपने हर टारगेट की छोटी से छोटी अपडेट पाने के लिए वह अपने स्लीपर सेल को फंडिंग कर रहा था. यह फंड कई चैनलों के जरिए भारत में बैठे उसके गुर्गों तक पहुंचता था. जहां से फिर अलग अलग चैनलों के जरिए यह रकम गाजियाबाद में पकड़े गए सुहैल और इरमा तक पहुंचती थी.
ऑपरेशन सिंदूर का बदला
ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय फौज ने पाकिस्तान को बड़े घाव दिए थे. इसी का बदला लेने के लिए पाकिस्तान में बैठा आतंकी भारत में बड़े आतंकी हमले की तैयारी में था. वह भारत में ऐसा हमला करना चाहता था, जिसकी गूंज दूर तक जाए. इसके लिए उसने टारगेट फिक्स कर लिए थे, योजना तैयार थी, बस उचित अवसर की तलाश थी. इसी अवसर की तलाश में उसने दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे.
सिरसा में भी पकड़े पांच स्लीपर सेल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हरियाणा के सिरसा में भी स्लीपर सेल के पांच संदिग्ध पकड़े गए हैं. गाजियाबाद पुलिस जल्द ही इन संदिग्धों से भी पूछताछ करेगी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक ये पांचों भी उसी मॉड्यूल के हिस्से हैं, जिसमें 21 सदस्यों को गाजियाबाद पुलिस ने अरेस्ट किया था. अब तक की जांच में ये पांचों भी जासूसी नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं. इस नेटवर्क की पड़ताल के लिए पुलिस इन सभी के टेलीकॉम, डिजीटल और फंडिंग डिटेल खंगाल रही है.
गाजियाबाद में पकड़े गए थे संदिग्ध
गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक हाल ही में कौशांबी थाना क्षेत्र में 6 संदिग्धों को देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के इनपुट पर पकड़ा गया था. फिर इनसे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 15 अन्य संदिग्धों को पकड़ा और इनके पास से कई संवेदनशील दस्तावेज बरामद किया है. इन पकड़े गए संदिग्धों में पांच नाबालिग हैं. ये सभी अलग अलग डिजीटल प्लेटफार्म के ग्रुपों में अपने हैंडलर से जुड़े हुए थे और अपने आका के इशारे पर रेकी करते थे.