UP-PCS में बेटियों ने फिर दिखाया जलवा, टॉप 10 में 6 पर कब्जा; नेहा पांचाल बनी टॉपर
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UP-PCS) 2024 के अंतिम परिणामों में बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. टॉप 10 में 6 स्थान पर लड़कियों का कब्जा रहा, जिसमें नेहा पांचाल टॉपर बनीं और अनन्या त्रिवेदी ने दूसरा स्थान हासिल किया. यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और लगन को दर्शाती है, जो अन्य उम्मीदवारों के लिए प्रेरणास्रोत है.
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 में बेटियों ने अपना परचम लहरा दिया है. रविवार की आधी रात जारी हुए फाइनल परिणाम में टॉप 10 में छह बेटियों के नाम हैं. इस परीक्षा की टॉपर भी एक बेटी नेहा पांचाल है. वहीं दूसरा स्थान भी एक बेटी अनन्या त्रिवेदी को मिला है. यूपीपीएससी ने 947 पदों के मुकाबले 932 पदों पर परिणाम घोषित किया है.
इस परीक्षा में तीसरे स्थान पर अभय प्रताप सिंह, चौथे पर अनामिका मिश्रा, पांचवें पर नेहा सिंह, छठे पर दीप्ति वर्मा, सातवें पर पूजा तिवारी, आठवें पर अनुराग पांडे, नवें स्थान पर शुभम सिंह और दसवें स्थान पर आयूष पांडेय चुने गए हैं. लोक सेवा आयोग की विज्ञप्ति के मुताबिक मुख्य परीक्षा का परिणाम पिछले महीने 4 फरवरी 2026 को जारी हुआ था. फिर इनमें से 2719 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू कॉल किया गया. यह इंटरव्यू 26 फरवरी से 23 मार्च के बीच आयोजित हुए.
24 प्रकार के पदों पर हुआ चयन
आयोग के मुताबिक इंटरव्यू में 21 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे हैं. अब फाइनल परिणाम जारी किया गया है. इसमें हाईकोर्ट के आदेश के तहत दो अन्य अभ्यर्थियों को भी सफल घोषित किया है. आयोग के मुताबिक कुल 24 प्रकार के पदों और सेवाओं के लिए चयन हुआ है. आयोग ने इस परीक्षा का परिणाम अपनी वेबसाइट http://uppsc.up.nic.in पर अपलोड कर दिया है. आयोग के सचिव अशोक कुमार के मुताबिक जिन अभ्यर्थियों के नाम के आगे प्रोविजनल लिखा है, उन्हें निर्धारित तिथि तक संबंधित दस्तावेज जमा कराना होगा.
रायबरेली की है सेकंड टॉपर अनन्या
पीसीएस परीक्षा में सेकंड टॉपर अनन्या त्रिवेदी रायबरेली की रहने वाली है. एक साधारण परिवार में पैदा हुई अनन्या ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है. उनके पिता सुशील त्रिवेदी रायबरेली में ही एक छोटी सी जनरल स्टोर की दुकान चलाते हैं. वहीं उनकी मां रेखा रानी टीचर हैं. अनन्या ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपनी मां के त्याग और परिवार को दिया है. अनन्या के मामा राजेश पांडेय (एडिशनल एसपी) हैं और अनन्या ने उन्हीं के मार्गदर्शन में अपना लक्ष्य हासिल किया है.
