गाजियाबाद में इंटरनेशन पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या से हड़ंकप, संदिग्ध हालत में मिला शव; पीठ में छेद

गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या से हड़कंप मच गया है. चिराग ने हाल ही में स्वर्ण पदक जीतकर पैरा एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई किया था. उनका शव संदिग्ध हालत में मिला, और पीठ में छेद था. इस घटना से खेल जगत में शोक की लहर है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या से हड़ंकप Image Credit:

गाजियाबाद के थाना शहर में शनिवार देर शाम अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या कर दी गई. उनका शव साईं उपवन में संदिग्ध हालत में पाया गया. चिराग ने दो दिन पहले बेंगलुरु में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर पैरा एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई किया था. इस घटना से खेल जगत में शोक की लहर है.

चिराग त्यागी, मुल रुप से मुरादनगर के बसंतपुर सैंथली के रहने वाले थे. उन्होंने अक्टूबर में जापान में होने वाले पैरा एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई कर लिया था. पुलिस को शाम करीब 7 बजे घटना की जानकारी मिली थी. पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. फॉरेंसिक और क्राइम ब्रांच की टीम ने घटनास्थल से सैंपल इकट्ठा किए हैं.

पीठ में छेद, चिराग की गोली लगने से हुई हत्या?

घटना की सूचना मिलने पर एसीपी उपासना पाण्डेय भी मौके पर पहुंची. उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है. पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा. बताया जा रहा है कि चिराग त्यागी सुबह अपने दिल्ली स्थित हॉस्टल से घर जाने के लिए निकले थे.

SHO, थाना शहर, सचिन कुमार ने बताया कि चिराग त्यागी का शव साईं उपवन में पड़ा मिला. वह सुबह दिल्ली हॉस्टल से अपने गांव बसंतपुर सथली मुरादनगर के लिए निकला था. पुलिस के मुताबिक, चिराग की पीठ में छेद है. यह गोली लगने से हुआ है या किसी और चीज़ से चोट लगने से, यह पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता चल सकेगा.

पिता किसान, अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे

चिराग एक सामान्य परिवार से आते थे, उनके पिता मनोज त्यागी किसान हैं. चिराग अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे. चिराग को आंखों की समस्या थी. इस कमजोरी के बावजूद उन्होंने खेल को अपना हथियार बनाया था. पुलिस मामले में दिल्ली से गाजियाबाद के रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. साथ ही पुरानी रंजिश समेत सभी एंगल से जांच कर रही है.

Follow Us