‘थोड़ा तो शर्म करो…’ मंत्री राजभर ने बताया PDA का मतलब पीट देगा अल्पसंख्यक, सूर्या हत्याकांड पर सपा को घेरा

गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड पर ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को घेरा है. उन्होंने PDA का अर्थ 'पीट देगा अल्पसंख्यक' बताते हुए पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया. राजभर ने सपा पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि जब अपराधी असद पर कार्रवाई हुई तो सपा को कानून व्यवस्था खराब लगने लगी. उधर, गाजियाबाद जिला प्रशासन ने असद के घर बुलडोजर चलाने की तैयारी में है.

मंत्री ओमप्रकाश राजभर

गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड पर राजनीति तेज हो गई है. इस वारदात को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के प्रवक्ताओं पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि एक तरफ बकरीद पर असद मासूम सूर्या चौहान की हत्याकर सोशल मीडिया में फक्र से वीडियो डाल रहा था. वहीं जब पुलिस ने उसका एनकाउंटर कर दिया तो सपा के प्रवक्ता छाती कूटकर रुदाली गान करने लगे. कह रहे हैं कि उन्हें ऐसी कानून व्यवस्था नहीं चाहिए.

मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव से पूछा कि ऐसी नहीं तो कैसी कानून व्यवस्था चाहिए? उन्होंने पूछा कि क्या पीडीए यानी ‘पीट देगा अहीर’ या ‘पीट देगा अल्पसंख्यक’ वाली व्यवस्था चाहिए? सोशल मीडिया में पोस्ट करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आप लोगों थोड़ा तो शर्म कर लो. इसी पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि ‘अखिलेश यादव जी, बेचारा सूर्या महज 17 साल का था, उसके मूंछ के बाल भी अभी नहीं आए थे. ऐसे में यदि यूपी पुलिस की कार्रवाई से न्याय मिल गया तो सपा के प्रवक्ताओं के घर में मातम क्यों?

असद के घर चलेगा बुलडोजर

इस घटनाक्रम के बीच गाजियाबाद पुलिस एवं प्रशासन ने खोड़ा के नवनीत विहार स्थित मुख्य आरोपी असद के घर पर बुलडोजर चलाने की तैयारी कर ली है. प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार ने असद के घर पहुंच कर ढोल बजाकर नोटिस दिया है. नोटिस में 15 दिन में अतिक्रमण हटाने की बात कही गई है. ऐसा ना करने पर बुलडोजर चलाने की बात कही गई है. इस नोटिस की एक कॉपी घर के बाहर चस्पा भी की गई है. यह नोटिस एसडीएम की तरफ से जारी हुई है.

क्या है सूर्या हत्याकांड?

बकरीद के दिन 28 मई को असद और उसके साथियों ने मिलकर सूर्या के पेट में चाकू घोंप दिया था. आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अगले दिन उसकी मौत हो गई थी. पुलिस के मुताबिक बकरीद के दिन रोड रेज की घटना हुई थी. इसमें असद और सूर्या के बीच हाथापायीं भी हुई थी. इसके बाद असद ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था. इस वारदात के बाद सोशल मीडिया पर असद के कई वीडियो भी वायरल हुए थे. जिसमें उसने इस वारदात का जिक्र करते हुए फक्र जाहिर किया था.

Follow Us