‘नोरा फतेही जैसी दिखो…’पत्नी से जिम में 3 घंटे कराता था मेहनत, नहीं देता भरपेट खाना; हुस्न की चाहत में हैवान बना पति

गाजियाबाद में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पति अपनी पत्नी को नोरा फतेही जैसी फिटनेस पाने के लिए ज़बरदस्ती जिम में कसरत कराता था और भूखे रखता था. पत्नी ने पति और ससुराल वालों पर दहेज़ प्रताड़ना और मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है. पीड़ित पत्नी ने इस संबंध में महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने अपनी पत्नी का फिटनेस नोरा फतेही जैसा करने के लिए ना केवल 3 घंटे जिम में एक्सरसाइज कराता था, बल्कि उसे लंबे समय तक भूखे रखता और भरपेट भोजन भी नहीं देता था. आरोपी की प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित पत्नी ने महिला थाने में तहरीर दी है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया है कि उसका पति अक्सर उसे ताने देता है. कहता है कि उसे नोरा फतेही जैसी सुंदर दुल्हन मिल गई होती, लेकिन इस शादी से उसकी जिंदगी खराब हो गई. पीड़िता के मुताबिक आरोपी पति नोरा फतेही जैसी फिगर बनाने के लिए उसके ऊपर दबाव बना रहा है. कहा कि स्वास्थ्य खराब होने या थके होन पर वह एक्सरसाइज नहीं कर पाती तो आरोपी उसे कई कई दिनों तक भूखा प्यासा रखता था.

छह महीने पहले हुई थी शादी

पीड़िता की मुताबिक आरोपी के साथ उसकी शादी छह महीने पहले मार्च 2025 में शिवम उज्जवल हुई. उस समय आरोपी शिवम उज्जवल की डिमांड पर 24 लाख रुपए की स्कॉर्पियो गाड़ी और 10 लाख रुपए की नकदी दी गई. यही नहीं, इस शादी में करीब 76 लाख रुपए खर्च किए गए. इसके बावजूद पति और उसके परिवार वालों की मांग कम नहीं हुई. बताया कि शिवम उज्जवल खुद सरकारी फिजिकल एजुकेशन टीचर है. पीड़िता के मुताबिक आरेापी पति अक्सर दूसरी लड़कियों की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो देखता था. जब उसने आपत्ति की तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकालने की धमकी दी.

सास-ससुर पर भी लगाए आरोप

पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में अपने सास ससुर और ननद पर भी मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. कहा कि वह आए दिन उसके साथ गाली गलौज करते थे और दहेज में मायके से महंगे कपड़े और ज्वेलरी लाने का दवाब बनाते थे. कहा कि शादी के कुछ समय बाद ही वह गर्भवती हो गई थी. उस समय उसे ऐसा खाना दिया गया कि उसका स्वास्थ्य खराब हो गया. यही नहीं, अत्याधिक रक्त श्राव की वजह से उसका गर्भपात हो गया था. इसके बाद वह मायके गई तो पति और ससुराल वालों ने बार बार वीडियो कॉलकर गाली गलौज करते हुए तलाक की धमकी दी.

घर में नहीं घुसने देने का आरोप

पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन मायके में रहने के बाद वह 26 जुलाई को वापस अपने माता-पिता के साथ ससुराल पहुंची, लेकिन आरोपी पति और उसके परिवार वालों ने उसे घर में भी नहीं घुसने दिया. पीड़िता ने अपने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने के साथ ही ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार की है. पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

Follow Us