हत्याकर बेड में छिपाया पत्नी का शव, जलाने की भी कोशिश; 5 महीने बाद बेटी ने खोला राज

गाजियाबाद में 5 महीने पहले हुए एक हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पति ने भाई और मामा के साथ मिलकर अपनी पत्नी सोनिया की हत्या कर शव को बेड में छिपा दिया था. बाद में शव को जलाकर अवशेष तालाब में फेंक दिए थे. 5 महीने बाद वारदात की चश्मदीद बेटी ने यह राज अपने ननिहाल वालों को बताया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद 5 महीने पहले हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है. इस वारदात में एक युवक ने अपने भाई और मामा के साथ मिलकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और पांच महीने तक शव को बेड में छिपाए रखा. इस दौरान आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए शव को जलाने की भी कोशिश की, लेकिन 5 महीने बाद आरोपी की बेटी ने ही इस वारदात खुलासा कर दिया है. मामला गाजियाबाद में मुरादनगर के हिसाली गांव का है.

वारदात की चश्मदीद बेटी ने इस हत्याकांड की कहानी अपने ननिहाल वालों को बताई. इसके बाद महिला के परिवार वालों ने पुलिस में शिकायत दी. इस शिकायत पर जांच करते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया. वहीं आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो वारदात का खुलासा हो गया. फिर पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव के अवशेषों को बरामद किया है. इसी क्रम में पुलिस महिला के पति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस की पूछताछ में आरोपी पति ने बताया कि उसने अपने भाई और मामा के साथ मिलकर पत्नी सोनिया की हत्या की है. बताया कि पहले उन लोगों ने सोनिया की पंखे के हुक में फंदे पर लटकाया, वहीं उसकी मौत के बाद मुंह पर तकिया रखकर काफी देर तक दबाए रखा. इसके बाद शव को बेड में छिपा दिया. आरोपी इस बेड को घरेलू सामान के साथ एक वाहन में रखकर मुजफ्फरनगर के चरथावल स्थित सोहना गांव ले गए. वहां बिटोडे में शव को जला दिया. फिर 4 दिन बाद अस्थियों को निकालकर तालाब में डाल दिया.

ऐसे हुआ वारदात का खुलासा

पुलिस के मुताबिक वारदात के वक्त सोनिया की बेटी घर में ही थी. बाद में ननिहाल जाने पर उसने अपने मामा को वारदात कहानी बता दिया. बताया कि उसकी मां की हत्या उसके पिता परविंदर ने ही की है. इस वारदात में उसके चाचा विनोद और उनके मामा ब्रह्मपाल भी साथ थे. मासूम बच्ची ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी शव को बेड में रखकर कहीं दूसरी जगह ले गए, जहां से उसकी मां कभी वापस नहीं लौटी. इसके बाद बेटी के मामा ने पुलिस में शिकायत दी.

12 साल पहले हुई थी शादी

महिला के परिजनों ने बताया कि सोनिया की शादी करीब 12 साल पहले आरोपी परविंदर के साथ हुई थी. इसके बाद इन्हें दो बेटियां हुई. शादी के बाद से ही दोनों पति-पत्नी में झगड़े होते थे. इसके चलते परविंदर ने सोनिया को कुछ दिन मायके में ही छोड़ दिया था. यहां तक कोर्ट में भी वाद दायर किया, लेकिन बाद में सुलह हो गई. इसके बाद कुछ दिन तो शांति रही, लेकिन बाद में फिर लड़ाई झगड़े होने लगे. ऐसे में आरोपी ने इस वारदात की प्लानिंग की और पांच महीने पहले इसे अंजाम दिया.

Follow Us