युवक संग होटल में मिलने गई थी युवती, फिर फंदे से लटकी मिली लाश, हिरासत में बॉयफ्रेंड
गाजियाबाद के अंश होटल में एक युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला. वह अपने बॉयफ्रेंड से मिलने होटल पहुंची थी. बॉयफ्रेंड के जाने के बाद वह अपने कमरे में चली गई. कुछ देर बाद उसका शव फंदे से लटका मिला. पुलिस ने युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, युवती के बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है.
गाजियाबाद के विजयनगर में अंश होटल के कमरे में युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया. युवती संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी. होटल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में यह मामला सुसाइड का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस ने इस मामले में युवती के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है.
प्रेमी से पूछताछ की जा रही है
मृतका की शिनाख्त रश्मी के तौर पर हुई है. वह विजयनगर की रहने वाली बताई जा ही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान पुलिस ने प्रेमी को हिरासत में लिया है, जो घटना से पहले युवती के संपर्क में था. यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि कहीं प्रेमी ने युवती को आत्महत्या के लिए तो नहीं उकसाया. अगर जांच में ये बात सामने आती है तो प्रेमी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल रिकॉर्ड की भी हो रही जांच
पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है. मामले के हर एंगल से जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि फिलहाल, घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच के बाद ही इस इस मामले को लेकर कुछ कहा जा सकता है.
मृतका के परिवार को दी गई सूचना
पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और उनसे भी पूछताछ की जा रही है ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके. सभी के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं. यह पता लगाया जा रहा है कि युवती पर किसी तरह का मानसिक दबाव नहीं था. ऐसी क्या वजह रही कि युवती ने पहले होटल में कमरा बुक किया फिर सुसाइड कर लिया.