शहजाद भट्टी-आबिद जट्ट नेटवर्क पर ATS का शिकंजा, 2 और गिरफ्तार; तैयार कर रहा था स्लीपर सेल

यूपी एटीएस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के आतंकी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है. बुलंदशहर से दो और को दबोचा है, जिससे कुल गिरफ्तारियों की संख्या 15 हो गई है. यह नेटवर्क अलग-अलग जगहों पर गैंगस्टर का फोटो चस्पा करता था और स्लीपर सेल बनाने में सक्रिय था.

यूपी एटीएस ( फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) को आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. ATS ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट से जुड़े आतंकी नेटवर्क पर शिकंजा कसा है. बुलंदशहर से इस नेटवर्क से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. यह नेटवर्क सोशल मीडिया के माध्यम से स्लीपर सेल तैयार करने में सक्रिय था.

ADG कानून एवं व्यवस्था, अमिताभ यश ने मामले का खुलासे करते हुए बताया कि ये दोनों आरोपी पाकिस्तानी गैंगस्टर के आदेश पर आतंकी गतिविधियों में शामिल था. ये लोग स्लीपर सेल तैयार करने में, समाज में भय पैदा करने के लिए गैंगस्टर आबिद जट्ट का फोटो विभिन्न स्थान पर चस्पा करते थे और महत्वपूर्ण स्थलों की रेकी जैसी गतिविधियों में शामिल थे.

नेटवर्क से जुड़े अब तक 15 आरोपी गिरफ्तार

यूपी ATS ने 17 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. इस मामले में पहले ही पांच अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और इसके साथ ही अब तक कुल 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. प्रारंभिक जांच में इनके नेटवर्क के कई अन्य संदिग्ध संपर्कों की भी जानकारी सामने आई है जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

ATS अधिकारियों का कहना है कि यह नेटवर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को प्रभावित कर उन्हें राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के लिए तैयार करने का प्रयास कर रहा था. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही हैं. इन आरोपियों के कब्जे से आतंकी आबिद जट्ट के पोस्टर भी बरामद किए गए हैं.

पाकिस्तानी गैंगस्टर के इशारे पर करते थे काम

यूपी एटीएस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहतान उमर और फैजान के रुप में हुई है. ये दोनों बुलंदशहर के अकबरपुर के रहने वाले हैं. ये आरोपी पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी-आबिद जट्ट इशारे पर काम करते थे. इन्हें भारत में धमाके की साजिश रचने, आर्मी-एयरफोर्स की रेकी करना और युवाओं को नेटवर्क से जोड़ने का टारगेट मिला था.

Follow Us