‘कलेजा फट गया’, विनीत राय के 2 महीने के बेटे को गोद लेने के बाद बोले राजीव राय
गाजीपुर में होटल व्यवसायी विनीत राय की हत्या मामले में विपक्ष योगी सरकार को लगातर घेर रहा है. सपा सांसद राजीव राय, मृतक विनीत राय के परिवार से मिलने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने कहा कि विनीत के दो महीने के बेटे को गोद में लेने के बाद उनका कलेजा फट गया.
होटल व्यवसायी विनीत राय हत्याकांड मामले मऊ के सांसद और समाजवादी पार्टी के नेता राजीव राय पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने विनीत राय के दो महीने के बच्चे को गोद लिया. उन्होंने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि जब मैं विनीत के बच्चे को गोद में ले रहा था तो मेरा कलेजा फट गया.
3 अधिकारियों को पत्र लिखते रह गए विनीत- राजीव राय
राजीव राय ने कहा कि विनीत साल 2023 से मुख्यमंत्री के सेक्रेटरी सहित तमाम जिम्मेदार अधिकारियों को पत्र पर पत्र लिखते रहे हैं. लेकिन 3 साल के अंदर कोई भी कार्रवाई नहीं हुई. आरोपी शंकर पांडे को पीड़ित परिवार के लोगों ने खुद पकड़कर पुलिस को दिया था. लेकिन सत्ताधारी दल के एक नेता के एक फोन काल पर उसे छोड़ दिया गया था.
राजीव राय ने आगे कहा कि जिस दिन यह घटना हुई, उस दिन सीएम योगी आदित्यनाथ मऊ आए हुए थे. वह जब मंच से गरज रहे थे , तब ये वारदात हुई. जब परिवार 2023 से मदद मांग रहा तो आपको तो सिर्फ परिवार से आकर माफी मांगनी चाहिए थी, लेकिन आप शर्मिंदा भी नहीं होते हैं.
‘फिल्मों में ऐसा होता था’
राजीव राय ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे वक्त में ना जाने क्यों इनके बुलडोजर का रास्ता गुम हो जाता है. क्या 2023 से अब तक शासन हो प्रशासन इस घटना का इंतजार कर रहा था. हम फिल्मों में देखा करते थे कि 25- 30 की संख्या में युवक आते हैं और मारपीट करते हैं. लेकिन हकीकत में ऐसा होते हुए देखा गया.
बुलडोजर को गलत पते पर मत भेजिए-राजीव राय
राजीव राय ने आगे कहा कि बुलडोजर को गलत पते पर मत भेजिए. विनीत और उसके परिवार ने जितने भी अधिकारियों को अपना पत्र भेजा है या फॉरवर्ड किया है, उन सभी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए या फिर उन्हें जेल भेजना चाहिए. सत्ता निरंकुश होगी तो इसी तरह के दृश्य सामने आएंगे. इस मामले की सीबीआई से नहीं बल्कि किसी न्यायाधीश के द्वारा जांच होनी चाहिए.
आरोपियों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित
गाजीपुर पुलिस ने इस मामले में चार नामजद आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है. एसपी गाजीपुर की संस्तुति पर डीआईजी वाराणसी रेंज ने यह घोषणा की है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है
