गाजीपुर के विनीत राय मर्डर केस में पुलिस का एक और एक्शन, फरार शंकर पांडे के पिता गिरफ्तार

गाजीपुर के चर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मुख्य आरोपी शंकर पांडे अभी भी फरार है, जबकि उसके पिता रविशंकर पांडे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. कमलेश बिंद पहले ही एनकाउंटर में मारा जा चुका है. यह गिरफ्तारी मामले में एक महत्वपूर्ण मोड़ है.

प्रतीकात्मक तस्वीर

गाजीपुर के चर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस ने एक और बड़ा एक्शन लिया है. पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी शंकर पांडे के पिता रविशंकर पांडे को गिरफ्तार किया है. इस हत्याकांड में पहले ही चार नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. पुलिस इस मामले में एक आरोपी कमलेश बिंद को एनकाउंटर में मार चुकी है.

जानकारी के अनुसार, यह घटना 29 और 30 मई की दरम्यानी रात शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई थी. जब 29 वर्षीय कारोबारी विनीत राय अपने होटल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान होटल के बाहर पहले से घात लगाए बैठे शंकर पांडे और उसके साथियों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. ये पूरी साजिश ‘कटरा गैंग’ ने रची थी.

कटरा गैंग के व्हाट्सएप ग्रुप पर रची गई साजिश

जांच में सामने आया कि इस हत्या की पूरी साजिश ‘कटरा गैंग’ के व्हाट्सएप ग्रुप पर रची गई थी. पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए चार लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया था. जांच के दौरान इस हत्याकांड में आरोपी कमलेश बिंद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था, जबकि दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.

वहीं, अब पुलिस ने मुख्य आरोपी शंकर पांडे के पिता रविशंकर पांडे को भी गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, रविशंकर पांडे की हत्या की वारदात में प्रत्यक्ष भूमिका सामने नहीं आई है, लेकिन जांच में वह मुख्य आरोपी का सहयोगी पाया गया. इसी आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है. रविशंकर को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है.

15 साल की सजा काट कर निकला था रविशंकर पांडे

एएसपी सिटी राकेश मिश्रा ने बताया कि रविशंकर पांडे पश्चिम बंगाल में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में 15 साल की सजा काटने के बाद साल 2024 में जेल से बाहर आया था. अब विनीत राय हत्याकांड में उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस फरार मुख्य आरोपी शंकर पांडे की तलाश में लगातार दबिश दे रही है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले में जांच में जुटी है.

Follow Us