गोंडा में दिल दहला देने वाला हादसा; तेज रफ्तार Ertiga ने 8 को रौंदा, 4 की मौके पर हो गई मौत
गोंडा के करनैलगंज में एक तेज रफ्तार अर्टिगा ने 8 लोगों को रौंद दिया. इनमें से 4 की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, 4 घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. यह घटना गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर करनैलगंज के नारायणपुर तिराहे की है.
गोंडा के करनैलगंज क्षेत्र में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाला हिट एंड रन का मामला सामने आया है. तेज रफ्तार Ertiga कार ने आठ लोगों को रौंद दिया, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.घटना गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर करनैलगंज के नारायणपुर तिराहे की है.
मरने वालों में तीन व्यक्ति एक ही गांव से
पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार में आ रही Ertiga कार अनियंत्रित होकर लोगों की भीड़ में घुस गई और उन्हें कुचलते हुए पलट गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग जुट गए.मरने वालों की पहचान गुलशन, मोहम्मद हसन, इम्तियाज और संजय तिवारी के रूप में हुई है. इनमें से तीन व्यक्ति करनैलगंज थाना क्षेत्र के नारायणपुर माझा गांव के निवासी थे, जबकि संजय तिवारी तरहटा गांव का रहने वाला था.
तीन घायलों को गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया
सभी मृतकों को सीएचसी करनैलगंज ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों को गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. घटना की सूचना मिलते ही करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अजय सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने हादसे का जायजा लिया और प्रशासन को त्वरित राहत कार्यवाही के निर्देश दिए. मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे.
बाइक हादसे में घायलों की मदद कर रहे थे लोग
स्थानीय लोगों को मुताबिक बुधवार देर रात गोंडा-लखनऊ हाईवे पर दो बाइक की भिड़ंत हो गई. आसपास के मौजूद लोग इस हादसे में घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे. इसी दौरान लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा अनियंत्रित हो गई और सड़क पर घायलों की मदद कर रहे लोगों को रौंद दिया. स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि अर्टिगा में मौजूद सभी युवक नशे में धुत थे.
