Google Map ने भटकाया, कई छात्र NEET परीक्षा से चूके; सेंटर से 23 KM दूर पहुंचाया

मुरादाबाद में गूगल मैप की तकनीकी खराबी के चलते कई छात्रों की NEET परीक्षा छूट गई. मैप ने परीक्षा केंद्र का गलत पता दिखाया, जिससे छात्र 23 किमी दूर पहुंच गए. सही केंद्र पर देर से पहुंचने के कारण उन्हें प्रवेश नहीं मिला. गलत नेविगेशन के कारण छात्रों की सालभर की मेहनत बर्बाद हो गई.

गूगल मैप की गलती: मुरादाबाद में छात्रों की छूटी NEET परीक्षा

मुरादाबाद में गूगल मैप की गलत नेविगेशन के कारण NEET के कई मेधावी परीक्षार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया. रविवार को गूगल मैप की तकनीकी खराबी के चलते कई छात्रों की NEET परीक्षा छूट गई. छात्रों को आरएन इंटर कॉलेज पहुंचना था, लेकिन मैप ने परीक्षा केंद्र का गलत पता दिखाया, जिससे छात्र 23 किमी दूर पहुंच गए.

डिजिटल नेविगेशन पर भरोसा करना छात्रों के लिए उस समय भारी पड़ गया जब मैप ने उन्हें सही केंद्र से करीब 23 किलोमीटर दूर कांठ रोड स्थित किसी अन्य विद्यालय की तरफ भेज दिया. जब तक परीक्षार्थियों को इस भारी त्रुटि का अहसास हुआ और वे वापस सही परीक्षा केंद्र पर पहुंचे थे, तब तक प्रवेश का समय समाप्त हो चुका था, उन्हें एंट्री नहीं मिली.

सही सेंटर पर 15 मिनट देरी से पहुंचे, नहीं मिली एंट्री

परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नियमों का हवाला देते हुए मात्र 10 से 15 मिनट की देरी से पहुंचे छात्रों को भीतर प्रवेश देने से साफ इनकार कर दिया. अब इसके चलते संभल से आए परीक्षार्थी फैजान अली और एक अन्य छात्र सार्थक सहित दर्जनों अभ्यर्थियों की सालभर की कड़ी मेहनत पर पानी फिर गया.

केंद्र के बाहर बदहवास खड़े पीड़ित अभिभावकों और रोते-बिलखते छात्रों ने सरकार और प्रशासन से मानवीय आधार पर गेट खोलने और परीक्षा में शामिल होने देने की गुहार लगाई थी, लेकिन सख्त नियमों के कारण उन्हें मायूस लौटना पड़ा. परेशान अभिभावक इकराम ने बताया कि वे बच्चों को लेकर समय से निकले थे, लेकिन गूगल मैप ने गलत जगह पहुंचा दिया.

‘नियमों में थोड़ी ढील देकर गेट खोलना चाहिए था’

पीड़ित अभिभावकों का कहना है कि इस तकनीकी खराबी और मजबूरी को देखते हुए शासन-प्रशासन को नियमों में थोड़ी ढील देकर गेट खोलना चाहिए था. क्योंकि दोपहर 2 बजे की परीक्षा के लिए बच्चे सालभर से तैयारी कर रहे थे. इस घटना ने डिजिटल नेविगेशन सिस्टम की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. साथ ही एक नया बहस छेड़ दिया है.

Follow Us