डेटिंग ऐप पर ‘श्रीदेवी’ से प्रोफाइल, प्यार का झांसा और लाखों की ठगी; नौकरी छूटने पर MBBS डॉक्टर बना ठग

नोएडा में एक MBBS डॉक्टर को डेटिंग ऐप पर महिला बनकर लाखों की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी ने 'श्रीदेवी' नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर पुरुषों को प्रेम जाल में फंसाया था और उनसे लाखों रुपये ऐंठे हैं. साइबर पुलिस ने शिकायत के बाद उसे दबोचा है.

महिला बनकर ऑनलाइन ठगी करने वाला डॉक्टर गिरफ्तार

नोएडा में साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. साइबर क्राइम पुलिस ने एक ऐसे MBBS डॉक्टर को गिरफ्तार किया है, जो डेटिंग ऐप पर महिला बनकर युवकों को अपने प्रेम जाल में फंसाता था. साथ ही उनका विश्वास जीत अब तक लाखों रुपये ऐंठ लिए हैं. आरोपी ने डॉक्टर ने डेटिंग ऐप पर ‘श्रीदेवी’ नाम से फर्जी प्रोफाइल बना रखी थी.

जानकारी के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर ने डेटिंग ऐप पर आकर्षक महिला की फोटो लगाकर फर्जी अकाउंट बनाया था जिसके जरिए वह युवकों से बातचीत करता था और धीरे-धीरे उन्हें अपने जाल में फंसा लेता था. साइबर पुलिस ने शिकायत के बाद उसे दबोचा है. जांच में सामने आया है कि शुरुआती तौर पर आरोपी ने दो लोगों से करीब 10 लाख रुपए की ठगी की है.

नौकरी छूटने पर MBBS डॉक्टर बना साइबर ठग

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान आंध्र प्रदेश पश्चिम गोदावरी निवासी डॉक्टर के रूप में हुई है. वह एमबीबीएस एमडी बताया जा रहा है और ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी में रह रहा था. जानकारी में यह भी सामना है कि निजी अस्पताल से हाल ही में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था. इसके बाद खर्च चलाने के लिए उसने ऑनलाइन ठगी का रास्ता अपनाया.

आरोपी फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर लोगों से दोस्ती करता था और धीरे-धीरे उनका विश्वास जीत लेता. इसके बाद वह बीमारी, आर्थिक परेशानी या अन्य बहाने बनाकर उनसे बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाता था. जैसे ही रकम खाते में आ जाते थे, वह अपना मोबाइल नंबर और सिम कार्ड बदल देता था, ताकि पुलिस उसकी पहचान तक न पहुंच सके.

बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच से दबोचा

पोडितो की शिकायत के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच शुरू की. एक विशेष टीम बनाई गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है. अब तक कितने रुपयों की ठगी की है?

Follow Us