CM सिटी में दिन दहाड़े किडनैपिंग… महिला को टक्कर मारा, फिर गोद से बच्चे को छीनकर भागे बोलेरो सवार

सीएम सिटी गोरखपुर में दिनदहाड़े एक बच्चे के अपहरण की सनसनीखेज वारदात हुई है. बदमाशों ने महिला को टक्कर मारकर गिराया और फिर बच्चे को छीनकर फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और महज 45 मिनट में बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया, साथ ही दो अपहरणकर्ताओं को भी दबोच लिया है. हालांकि, बोलेरो ड्राइवर फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश जारी है.

गोरखपुर पुलिस ने 45 मिनट में बरामद किया बच्चा

उत्तर प्रदेश में सीएम सिटी गोरखपुर में दिन दहाड़े किडनैपिंग की वारदात हुई है. हालांकि सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस ने महज 45 मिनट के अंदर ही बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए दो बदमाशों को दबोच लिया है. वहीं बोलेरो का ड्राइवर मौके से भागने में सफल हो गया. मामला गोरखपुर में गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर बाजार का है. आरोपियों ने अपने बच्चे को गोद में लेकर जा रही महिला को पहले टक्कर मारकर गिराया और फिर उसके गोद से बच्चे को छीन कर फरार हो गए थे.

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. वहीं गाड़ी के ड्राइवर की तलाश में दबिश तेज कर दी गई है. वही पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश में दबिश की कार्यवाही कर रही है. जानकारी के मुताबिक गजपुर के रहने वाले राम आशीष यादव के डेढ़ वर्षीय बच्चे की तबीयत खराब थी. उनकी पत्नी सुमन शनिवार की देर शाम बच्चे को लेकर गजपुर चौराहे पर स्थित क्लीनिक में इलाज के लिए गई थी. वहां से वापस लौटते समय पीछे से आई एक बोलेरो ने उसे टक्कर मार दिया. इससे वह बच्चे समेत सड़क पर गिरकर चोटिल हो गई थी.

गोदी में से छीन लिया था बच्चा

पुलिस की पूछताछ में सुमन ने बताया कि वह उठने की कोशिश कर ही रही थी कि गाड़ी में से निकल दो लोग आए और उसकी गोदी में से बेटे को छीन लिया और तेजी से गाड़ी चलाते हुए फरार हो गए. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही बच्चे के पिता राम आशीष यादव मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. इस सूचना पर पुलिस भी एक्शन में आई और आनन फानन में सीसीटीवी कैमरों के जरिए गाड़ी की पहचान करते हुए पीछा शुरू किया.

45 मिनट में बरामद किया बच्चा

इस दौरान पुलिस ने गाड़ी की लोकेशन पताकर महज 45 मिनट के अंदर घेर लिया. इस दौरान ड्राइवर तो उतर कर भागने में सफल हो गया, लेकिन गाड़ी में बैठे दो लोगों को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है. वहीं गाड़ी में से बच्चे को भी बरामद किया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है. वहीं बच्चे और उसकी मां को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है.

मालिक ने बताया ड्राइवर का पता

गाड़ी के नंबर से पुलिस ने गाड़ी मालिक का पता लगाया और उससे पूछताछ की. इसमें पता चला कि वारदात के वक्त गाड़ी सहजनवां का रहने वाला ड्राइवर रिशु पासवान चला रहा था. पुलिस ने रिशु पासवान की पूरी डिटेल निकालकर उसकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है. एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी के मुताबिक मामले की हर संभावित एंगल से जांच कराई जा रही है. जल्द ही ड्राइवर को भी अरेस्ट कर लिया जाएगा.

Follow Us